राजा की मां के सोनम के परिवार पर बेटी बचाने के आरोप लगाए

राजा हत्याकांड की दोबारा सीबीआई जांच की मांग उठाई

इंदौर। बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मृतक राजा की मां ने मुख्य आरोपी सोनम और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि सोनम का परिवार उसकी मदद कर रहा है। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए अब भी सीबीआई से जांच कराए जाने की जरूरत है। 
 हाल ही में आरोपी सोनम ने कहा था कि वह कोर्ट के निर्देशों का पालन कर रही है। इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए राजा की मां ने कहा कि जो महिला शादी के समय लिए गए सात वचनों का सम्मान नहीं कर सकी, उसके कोर्ट और कानून के प्रति दायित्वों पर भी सवाल उठते हैं। यदि सोनम का इरादा शिलांग में ही रहने का था तो उनके बेटे की हत्या क्यों की। इस सवाल का जवाब अब तक सामने नहीं आया है।

मेरे बेटे का क्या कसूर
भावुक होते हुए राजा की मां ने कहा कि सोनम ने साजिश के तहत उनका बेटा छीन लिया है। सोनम ने पूरे घटनाक्रम के दौरान लगातार झूठ बोला और योजनाबद्ध तरीके से सब कुछ अंजाम दिया। एक मां के लिए अपने बेटे को खोने का दर्द शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता और वह केवल बेटे के लिए न्याय चाहती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनम का पूरा परिवार उसके साथ खड़ा है। उसके माता-पिता और भाई आर्थिक मदद पहुंचा रहे हैं। सोनम के पिता शिलॉन्ग गए थे। वहां उसकी मां द्वारा बनवाया गया ताबीज पहनाया गया। परिवार विभिन्न माध्यमों से उसे बचाने की कोशिश कर रहा है।

मां से वीडियो कॉल पर रोज बात
मां ने यह भी आरोप लगाया कि सोनम के पास महंगा मोबाइल है। यह फोन परिवार की ओर से दिया गया है। वह रोजाना अपनी मां से वीडियो कॉलिंग पर बातचीत करती है। कोर्ट में उसका व्यवहार किसी आरोपी की तरह नहीं दिखाई देता।

Leave a Comment