इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में आधी रात को भड़की आग, 5 लग्जरी बसें जलकर खाक, कचरे की आग से हादसे की संभावना!

इंदौर में चार्टर्ड बस डिपो में आधी रात को भड़की आग, 5 लग्जरी बसें जलकर खाक, कचरे की आग से हादसे की संभावना!

इंदौर। संयोगितागंज थाना क्षेत्र में कृषि कॉलेज के सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते डिपो में खड़ी 5 लग्जरी बसें उसकी चपेट में आ गईं। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक पांचों बसें बुरी तरह जल चुकी थीं।
प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, रात में डिपो में खड़ी एक बस से पहले धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में उसमें आग की लपटें उठने लगीं। आसपास खड़ी दूसरी बस तक भी आग पहुंच गई। इसके बाद लपटों ने पास में खड़ी अन्य बसों को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया।

कचरे में आग लगने से हादसे की आशंका
आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि बस डिपो में खड़ी बसों के पास कचरा पड़ा था। संभव है कि किसी व्यक्ति ने कचरे में आग लगाई हो और उसकी लपटें पास खड़ी बस तक पहुंच गई हों। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का पता पुलिस और दमकल विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
दमकलकर्मियों ने करीब 5 से 10 पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने में थोड़ी भी देर होती तो डिपो में खड़ी दूसरी बसें भी इसकी चपेट में आ सकती थीं। इससे नुकसान कहीं ज्यादा होने की आशंका थी।

पहले भी हो चुकी हैं आगजनी की घटनाएं
घटना को लेकर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमें आग लगने के कारणों का पता लगा रही हैं। उल्लेखनीय है कि कृषि कॉलेज के सामने स्थित इसी चार्टर्ड बस डिपो में पहले भी आगजनी की घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद एक बार फिर यहां खड़ी बसों के आग की चपेट में आने से सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM