सीहोर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, घर में सो रहे पति-पत्नी और बेटे की हत्या

सीहोर में ट्रिपल मर्डर से सनसनी, घर में सो रहे पति-पत्नी और बेटे की हत्या

सीहोर: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के बुधनी में बुधवार सुबह एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या का मामला सामने आया है। वार्ड नंबर 12 स्थित एक मकान में पति-पत्नी और उनके 24 वर्षीय बेटे के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीनों की हत्या मंगलवार रात घर में सोते समय किए जाने की आशंका है। मृतकों के सिर पर चोट के निशान भी मिले हैं। फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।
 
घर में मिले तीनों के शव
जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान राकेश मीणा (45), उनकी पत्नी राधा मीणा (40) और बेटे अश्विन मीणा (24) के रूप में हुई है। मंगलवार रात परिवार के तीनों सदस्य घर में सो रहे थे। बुधवार सुबह घर का दरवाजा नहीं खुलने और कोई हलचल दिखाई नहीं देने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। इसके बाद घर के अंदर तीनों के शव मिलने की जानकारी सामने आई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
 
पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही एसडीओपी रवि शर्मा और थाना प्रभारी सुनील ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। शुरुआती जानकारी में मृतकों के सिर पर चोट के निशान मिले हैं। हालांकि, चोटों के कारण और वारदात से जुड़ी अन्य परिस्थितियों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी।
 
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
एसडीओपी रवि शर्मा के मुताबिक, मृतकों की पहचान हो चुकी है। उनके परिजन फिलहाल मौके पर मौजूद नहीं हैं, इसलिए परिवार से जुड़ी विस्तृत जानकारी नहीं मिल सकी है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या कोई अन्य कारण है। एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या से बुधनी के वार्ड नंबर 12 में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM