MP में 12 IPS अफसरों के तबादले, 5 जिलों के SP बदले; रघुवंश कुमार सिंह DIG बनेंगे
भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार ने देर रात पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादला आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में नर्मदापुरम, बैतूल, पन्ना, हरदा और आलीराजपुर के पुलिस अधीक्षकों को बदला गया है। इसके अलावा कई अधिकारियों को विशेष सशस्त्र बल की विभिन्न वाहिनियों और पुलिस मुख्यालय में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
नर्मदापुरम में साईं कृष्णा एस थोटा की जगह 32वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, उज्जैन के सेनानी दीपक कुमार शुक्ला को पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। साईं कृष्णा थोटा को पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक पदस्थ किया गया है। बैतूल में वीरेंद्र जैन के स्थान पर पुलिस मुख्यालय में सहायक पुलिस महानिरीक्षक अमित सक्सेना को पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
पन्ना, हरदा और आलीराजपुर में भी नए एसपी
पन्ना में निवेदिता नायडू की जगह साइबर पुलिस अधीक्षक, इंदौर सब्यसाची सराफ को पदस्थ किया गया है। निवेदिता नायडू को 10वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, सागर का सेनानी बनाया गया है। हरदा में शशांक के स्थान पर भोपाल रेल पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल को भेजा गया है। वहीं, आलीराजपुर में रघुवंश कुमार सिंह की जगह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ, उज्जैन के पुलिस अधीक्षक समर वर्मा को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। रघुवंश कुमार सिंह को पुलिस मुख्यालय में उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) बनाया गया है।
भोपाल नगरीय पुलिस में उपायुक्त वीरेंद्र जैन
बैतूल के पुलिस अधीक्षक रहे वीरेंद्र जैन को भोपाल नगरीय पुलिस में उपायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, विशेष सशस्त्र बल की वाहिनियों में भी बदलाव किए गए हैं। अभिषेक आनंद को प्रथम वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, इंदौर से स्थानांतरित कर 15वीं वाहिनी, इंदौर का सेनानी बनाया गया है। श्रुतकीर्ति सोमवंशी को दूसरी वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर का सेनानी नियुक्त किया गया है।
पदोन्नति के बाद रघुवंश कुमार सिंह को नई जिम्मेदारी
रघुवंश कुमार सिंह वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्हें दिसंबर 2025 में डीआईजी पद पर पदोन्नति मिली थी। अब आलीराजपुर पुलिस अधीक्षक के पद से हटाकर उन्हें पुलिस मुख्यालय में डीआईजी की जिम्मेदारी दी गई है। दूसरी ओर, राज्य पुलिस सेवा से हाल ही में आईपीएस संवर्ग में पदोन्नत अमित सक्सेना को बैतूल जिले की कमान सौंपी गई है। इस फेरबदल के जरिए राज्य सरकार ने जिला पुलिस नेतृत्व के साथ-साथ मुख्यालय और विशेष सशस्त्र बल की कई महत्वपूर्ण पदस्थापनाओं में भी बदलाव किया है।

Leave a Reply