UAE का सर्वोच्च सम्मान पाने वाले कैप्टन मच्छर कौन हैं? राष्ट्रपति शेख मोहम्मद ने किया सम्मानित
दुबई। दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश नाकाम करने वाले कैप्टन स्मित मच्छर को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने ‘जायद II- फर्स्ट क्लास’ सम्मान से नवाजा है। राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने उन्हें गले लगाकर सम्मानित किया। इस मौके पर यूएई के उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तथा दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम भी मौजूद थे।
राष्ट्रपति ने विमान के अन्य चालक दल के सदस्यों को भी सम्मानित किया। यूएई के नेताओं ने मुश्किल हालात में यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने और अदम्य साहस दिखाने के लिए पूरे दल की सराहना की।
ऐसे साहसी व्यक्ति पर गर्व
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छर ने हिम्मत, जिम्मेदारी और इंसानी जान की परवाह करने की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि मच्छर उनकी टीम, देश की कहानी और यूएई की पहचान का हिस्सा हैं। उन्हें ऐसे साहसी व्यक्ति पर गर्व है।
कॉकपिट में कुल्हाड़ी से किया हमला
घटना 30 सितंबर की है। फ्लाईदुबई की उड़ान एफजेड1073 दुबई से तेल अवीव जा रही थी। इसी दौरान को-पायलट ने विमान के कॉकपिट में मौजूद आपातकालीन कुल्हाड़ी से कैप्टन मच्छर के सिर पर कई वार किए। हमले में कैप्टन गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि को-पायलट विमान को इजराइल में दुर्घटनाग्रस्त करना चाहता था।
हमले के दौरान कैप्टन ने विमान से अपहरण जैसी स्थिति का संकेत भी भेजा। चोटों के बावजूद उन्होंने किसी तरह कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने मिलकर हमलावर को काबू किया।
सभी 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया
इस बीच विमान करीब 17,000 फीट नीचे आ गया। विमान में मौजूद ड्यूटी से बाहर के पायलटों ने नियंत्रण संभालते हुए उसका रास्ता बदला और सऊदी अरब के ताबुक शहर में आपातकालीन लैंडिंग कराई। विमान में सवार सभी 180 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सिर पर वार हुआ तो लगा विमान का हिस्सा गिरा
कैप्टन मच्छर ने यूएई के सरकारी अखबार ‘द नेशनल’ को दिए साक्षात्कार में बताया कि पहली चोट लगने पर उन्हें लगा कि विमान का कोई हिस्सा टूटकर उनके सिर पर गिर गया है। वह लगभग नियंत्रण संभालने वाले उपकरण पर गिरने वाले थे। कुछ ही सेकेंड में जब सिर पर लगातार वार होने लगे, तब उन्हें एहसास हुआ कि कोई दूसरा व्यक्ति उन पर हमला कर रहा है। उन्होंने बताया कि वह हमलावर को अपनी ही टीम का सदस्य समझ रहे थे। सबसे पहले उन्होंने सीट बेल्ट खोलकर खुद को मुक्त करने और सिर को बचाने की कोशिश की। चोटों के कारण उन्हें ठीक से दिखाई देना भी बंद हो गया था।
कैप्टन के घायल होने के दौरान क्राउन प्रिंस शेख हमदान उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने यात्रियों की जान बचाने के लिए मच्छर के साहस और प्रयासों की तारीफ की थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, जांच में को-पायलट अल-हमामी के अलकायदा की विचारधारा से प्रभावित होने के संकेत मिले। पूछताछ में उसने विमान को इजराइल में दुर्घटनाग्रस्त करने की इच्छा जताई थी। रिपोर्टों में यह भी कहा गया कि वर्ष 2024 में कट्टरपंथी विचारों के कारण उसे ओमान की राष्ट्रीय विमानन कंपनी में पायलट प्रशिक्षण से हटा दिया गया था। बाद में उसे एयरलाइन में दूसरी जिम्मेदारी दी गई। करीब 8 महीने पहले वह फ्लाईदुबई से जुड़ा था।

Leave a Reply