इंदौर में पानी की बर्बादी पर नगर निगम सख्त, 2 जगह कार्रवाई; ₹7,000 जुर्माना
इंदौर। शहर में पानी की बर्बादी रोकने के लिए नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की बैठक के अगले ही दिन निगम की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 2 स्थानों पर 7000 रुपये का जुर्माना वसूला। लोगों को पानी का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की समझाइश भी दी गई।
पहली कार्रवाई जोन क्रमांक 15 के वार्ड 71 में रणजीत हनुमान रोड स्थित क्रोमा शोरूम के बाहर हुई। पानी व्यर्थ बहने पर 5,000 रुपये का चालान बनाया गया। आयुक्त के निर्देश पर सीएसआई पंकज धौलपुरे की टीम ने यह कार्रवाई की।
दूसरी कार्रवाई जोन क्रमांक 21 के वार्ड 79 में आरआर कैट रोड स्थित 7 स्टेप गार्डन के सामने हुई। दुकान के बाहर पाइप से पानी बहाकर सफाई करने पर 2,000 रुपये का स्पॉट फाइन लगाया गया। इलाके के दौरे पर पहुंचे महापौर भार्गव ने मौके पर व्यक्ति को रोककर समझाइश दी और निगम की टीम को चालान बनाने के निर्देश दिए। कार्रवाई में सीएसआई मनीष सिंह, सहायक सीएसआई रवि सिंह और टीम बेसिक्स मौजूद थी।
पानी की बर्बादी पर आगे भी होगी कार्रवाई
महापौर ने संबंधित व्यक्ति को याद दिलाया कि निगम लगातार बोरिंग के पानी का अनावश्यक इस्तेमाल रोकने की अपील कर रहा है। व्यक्ति ने सफाई में वाटर हार्वेस्टिंग कराए होने की बात कही, लेकिन पानी बहाकर सफाई करने पर कार्रवाई की गई। नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि पेयजल और बोरिंग के पानी की बर्बादी रोकने के लिए चालानी कार्रवाई जारी रहेगी। नागरिकों से पानी का जरूरत के मुताबिक इस्तेमाल करने और जल संरक्षण में सहयोग देने की अपील की गई है।

Leave a Reply