‘हनुमान अंश’ के निर्माताओं में विवाद, पब्लिसिटी और फिल्म के अधिकारों को लेकर टकराव

‘हनुमान अंश’ के निर्माताओं में विवाद, पब्लिसिटी और फिल्म के अधिकारों को लेकर टकराव

मुंबई। नीम करोली बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर ₹452.86 करोड़ की दुनिया भर में कमाई कर सबको चौंका दिया, लेकिन इस बड़ी सफलता के बीच फिल्म बनाने वाली टीम में मतभेद की खबरें सामने आने लगी हैं। महज 2-3 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही प्रचार, फिल्म के अधिकारों और निर्माता के बीच वर्चस्व को लेकर खींचतान की चर्चा है।
शुरुआत में धीमी रफ्तार से आगे बढ़ी फिल्म ने रिलीज के 17वें दिन अचानक तेजी पकड़ी और फिर बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया। इसकी सफलता ने कई बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया। हालांकि, अब पर्दे के पीछे की उठापटक चर्चा में है। ‘स्क्रीन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म के प्रचार में किस निर्माता को अधिक महत्व मिल रहा है, इसे लेकर टीम के सदस्यों में विवाद है। इसका असर फिल्म के अगले भाग पर भी पड़ सकता है।

साझेदारियों का जिम्मा संभालने के लिए अधिकृत
निर्माता नम्रता जी सिंह और निर्देशक डॉ विशाल चतुर्वेदी ने सोमवार को स्वंभू मीडिया नेटवर्क के माध्यम से आधिकारिक बयान जारी किया। इसमें दोनों को कंपनी का कार्यकारी निदेशक बताते हुए जनसंपर्क, प्रचार, पुरस्कारों और व्यावसायिक साझेदारियों का जिम्मा संभालने के लिए अधिकृत बताया गया है।
बयान में कहा गया है कि फिल्म के अधिकारों को लेकर मीडिया और बाजार में चल रही खबरों के बीच कंपनी यह स्पष्ट करना चाहती है कि कोई एक व्यक्ति अकेले फिल्म के अधिकारों से जुड़े सौदे करने के लिए अधिकृत नहीं है। देश और विदेश में फिल्म के प्रदर्शन, डिजिटल प्रसारण, टेलीविजन, संगीत, गेमिंग और अन्य व्यावसायिक अधिकारों का लेन-देन निर्माताओं के आपसी समझौते में तय प्रक्रिया के तहत ही होगा।

विवाद की वास्तविक वजह सामने नहीं आई
कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि नम्रता सिंह और डॉ विशाल चतुर्वेदी ही मीडिया, प्रचार, पुरस्कार और साझेदारी से जुड़े काम देखेंगे। फिल्म के सहयोगियों, मंचों और मीडिया संस्थानों के साथ नियमित संपर्क की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी। कंपनी के प्रत्येक हिस्सेदार और फिल्म के बौद्धिक संपदा अधिकार रखने वाले व्यक्ति को किसी भी व्यावसायिक बातचीत की जानकारी कार्यकारी निदेशकों को देनी होगी।
फिल्म की सफलता के बीच जारी इस बयान को निर्माताओं के बीच अधिकारों और जिम्मेदारियों को लेकर चल रही खींचतान से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह को लेकर अभी आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM