धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ी, बुलेटप्रूफ केबिन में आकर किया प्रशंसकों का अभिवादन, अभिषेक भी रहे साथ!

धमकी के बाद अमिताभ बच्चन की सुरक्षा बढ़ी, बुलेटप्रूफ केबिन में आकर किया प्रशंसकों का अभिवादन, अभिषेक भी रहे साथ!

मुंबई। अभिनेता अमिताभ बच्चन ने रविवार को अपनी वर्षों पुरानी परंपरा निभाते हुए बंगले ‘जलसा’ के बाहर प्रशंसकों से मुलाकात की, लेकिन इस बार उनका अंदाज बदला हुआ था। बंगले को बम और ग्रेनेड से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी के चलते अमिताभ खुले में आने के बजाय बुलेटप्रूफ कांच से बने विशेष केबिन में खड़े होकर प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन भी साथ मौजूद थे।
हर रविवार को अमिताभ बच्चन की एक झलक पाने के लिए उनके प्रशंसक जलसा के बाहर बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। सालों से चली आ रही इस परंपरा को अमिताभ ने इस बार भी कायम रखा। बंगले के बाहर जमा भीड़ को देखकर वे प्रशंसकों से मिलने पहुंचे और हाथ जोड़कर उनका अभिवादन किया। उन्होंने लोगों की शुभकामनाओं के लिए आभार भी जताया। हालांकि, इस बार उनके आसपास सुरक्षा का विशेष घेरा था। पारदर्शी बुलेटप्रूफ केबिन के भीतर से ही उन्होंने लोगों से मुलाकात की।

अभिषेक पिता के साथ रहे मुस्तैद
इस मुलाकात के दौरान अभिषेक बच्चन भी अपने पिता के साथ दिखाई दिए। अमिताभ जब प्रशंसकों का अभिवादन कर रहे थे, तब अभिषेक उनके पीछे खड़े होकर आसपास की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। उनके चेहरे पर सतर्कता साफ दिखाई दे रही थी। वहीं, जलसा के बाहर तैनात सुरक्षाकर्मी भीड़ को नियंत्रित करने और व्यवस्था बनाए रखने में लगे रहे।
अमिताभ बच्चन पहले भी अपने स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का जिक्र कर चुके हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा को लेकर परिवार और सुरक्षाकर्मी अतिरिक्त सतर्कता बरत रहे हैं। अभिषेक भी कई मौकों पर पिता के साथ मौजूद रहते हैं। इस रविवार की मुलाकात में भी उनकी मौजूदगी इसी सतर्कता का हिस्सा नजर आई।

31 अक्टूबर को ‘जलसा’ पर ग्रेनेड हमले की धमकी
अमिताभ बच्चन के बंगले की सुरक्षा बढ़ाने के पीछे हाल में मिली धमकियां प्रमुख वजह हैं। पिछले दिनों अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हमले की घटना के बाद एक ईमेल के जरिए मुंबई में कई जगह बम धमाकों की चेतावनी दी गई थी। यह ईमेल मुंबई महापौर कार्यालय को भेजा गया था। इसमें दोपहर 3:11 बजे महापौर कार्यालय और दोपहर 1:11 बजे एक स्कूल में विस्फोट करने की धमकी दी गई थी।
इस ईमेल में 31 अक्टूबर को बांद्रा स्थित अमिताभ बच्चन के आवास ‘जलसा’ पर ग्रेनेड से हमला करने की चेतावनी भी दी गई थी। इन धमकियों के सामने आने के बाद अमिताभ की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
गौरतलब है कि पिछले रविवार को अमिताभ बिना किसी बुलेटप्रूफ केबिन के प्रशंसकों से मिले थे। लेकिन इस बार सुरक्षा इंतजामों में बदलाव साफ नजर आया। खतरे की आशंका के बावजूद उन्होंने रविवार को प्रशंसकों से मिलने की अपनी परंपरा नहीं तोड़ी। फर्क सिर्फ इतना था कि इस बार उनके और चाहने वालों के बीच सुरक्षा के लिए बुलेटप्रूफ कांच की दीवार मौजूद थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM