स्थापना दिवस समारोह में BJP के 6 विधायक नदारद, नाम वाली कुर्सियां खाली; डेढ़ घंटे देरी से पहुंचे मंत्री विजयवर्गीय
इंदौर में मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस का जिला स्तरीय समारोह कई खाली कुर्सियों के कारण चर्चा में आ गया। मंच सजा था, जनप्रतिनिधियों के नाम की कुर्सियां भी लगी थीं, लेकिन जिन नेताओं को वहां मौजूद रहना था, वे पहुंचे ही नहीं। शहर के छह विधायकों के साथ निगम अध्यक्ष सावन सोनकर भी समारोह से नदारद रहे। हैरानी की बात यह रही कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय भी तय समय से करीब डेढ़ घंटे की देरी से पहुंचे।
नाम की कुर्सियां लगी रहीं, नेता नहीं आए
राजेंद्र नगर स्थित लता मंगेशकर सभागृह में आयोजित समारोह के मंच पर विधायक मधु वर्मा, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, उषा परमार और महेंद्र हार्डिया के नाम की कुर्सियां लगाई गई थीं। इसके अलावा राज्य सहकारी अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष सावन सोनकर के लिए भी कुर्सी रखी गई थी। लेकिन कार्यक्रम के दौरान ये सभी कुर्सियां खाली रहीं।
नेताओं की जगह अधिकारियों ने संभाली कुर्सियां
जनप्रतिनिधियों की गैरमौजूदगी के बीच उनके नाम वाली कुर्सियों पर अधिकारी बैठे नजर आए। समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए और विभिन्न विभागों की योजनाओं व विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई गई।
पहले भी बैठक से गायब रहे थे कई विधायक
इंदौर में भाजपा नेताओं के बीच आपसी खींचतान की चर्चाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे पहले 15 अक्टूबर को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शहर में जल संकट को लेकर बैठक बुलाई थी। इस बैठक में भी कई विधायक शामिल नहीं हुए थे। विधायक रमेश मेंदोला, मधु वर्मा और महेंद्र हार्डिया ही बैठक में पहुंचे थे।
स्थापना दिवस पर खाली कुर्सियों ने खींचा ध्यान
प्रदेशभर में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे। इंदौर का यह जिला स्तरीय मुख्य समारोह भी इसी कड़ी का हिस्सा था। लेकिन जिस आयोजन में शहर के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी अपेक्षित थी, वहां उनके नाम की खाली कुर्सियां ही चर्चा का विषय बन गईं। समारोह की तस्वीर ने स्थानीय राजनीति में नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर नए सवाल खड़े कर दिए।

Leave a Reply