इंदौर में शराब पार्टी पर पुलिस का छापा, 200 से ज्यादा युवक-युवतियां मिलीं, रिसोर्ट संचालक पर केस!

इंदौर। इंदौर के शिप्रा थाना क्षेत्र में देर रात चल रही एक शराब पार्टी पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। लसूड़िया परमार स्थित मामाबोका रिसोर्ट में आयोजित इस पार्टी में 200 से अधिक युवक-युवतियां मौजूद थे। मामले में पुलिस ने रिसोर्ट संचालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार रिसोर्ट संचालक विवेक उर्फ गोलू पुत्र विष्णु पटेल निवासी डकाच्या के खिलाफ विभिन्न प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि पार्टी में आने वाले लोगों की न तो विधिवत एंट्री दर्ज की गई थी और न ही स्थानीय पुलिस थाने को कार्यक्रम की सूचना दी गई थी। यह भी पाया गया कि रिसोर्ट में ठहरे लोगों का आगंतुक रजिस्टर व्यवस्थित रूप से नहीं रखा गया था। पुलिस के पहुंचने पर कई युवक-युवतियां नशे की हालत में मिले, जबकि कुछ लड़के और लड़कियां रिसोर्ट के कमरों में ठहरे हुए थे। जांच के दौरान उनके ठहरने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।


पुलिस ने रिसोर्ट पर दबिश द

कार्रवाई ग्रामीण पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार वर्मा को मिली शिकायत के बाद की गई। शिकायत में बिना अनुमति बड़े स्तर पर पार्टी आयोजित होने तथा शराब परोसे जाने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद एसपी के निर्देश पर शिप्रा पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचते ही रिसोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि पार्टी में मौजूद कई युवक-युवतियां शराब के नशे में थे। कुछ लोग रिसोर्ट के कमरों में रुके हुए मिले, लेकिन उनके ठहरने से संबंधित कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं था।
युवक-युवतियों को जाने दिया
पुलिस अधिकारियों के अनुसार होटल, रिसोर्ट और फार्म हाउस संचालकों के लिए आने वाले मेहमानों का पूरा रिकॉर्ड रखना और आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय थाने को सूचना देना जरूरी माना जाता है। ऐसा नहीं किए जाने पर संबंधित संचालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस ने पार्टी में शामिल युवक-युवतियों से पूछताछ के बाद उन्हें जाने दिया। उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। वहीं रिसोर्ट संचालक के खिलाफ नियमों के उल्लंघन और आवश्यक अभिलेख नहीं रखने के आरोप में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि पार्टी के आयोजन की अनुमति ली गई थी या नहीं, शराब परोसने के लिए आवश्यक नियमों का पालन किया गया था अथवा नहीं, और कार्यक्रम के आयोजकों की भूमिका क्या रही। मामले में जांच पूरी होने के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment