सोनिया गांधी की किताब में दर्ज राजनीतिक सफर के अनकहे पहलू, सत्ता से दूरी की छवि के पीछे अधिकार और नेतृत्व को लेकर दृढ़ता!
नई दिल्ली। सोनिया गांधी की राजनीति में आने को लेकर अनिच्छा की चर्चा अक्सर होती रही है, लेकिन कांग्रेस की कमान संभालने के बाद उन्होंने अपने अधिकार और नेतृत्व को लेकर कभी समझौता नहीं किया। उनकी पुस्तक ‘बिलॉन्गिंग : अ जर्नी ऑफ लव’ में दर्ज एक प्रसंग इस बात को बखूबी सामने लाता है। जुलाई 2003 में शिमला में हुई कांग्रेस की चिंतन बैठक के दौरान उन्हें पता चला कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेता इस बात पर विचार कर रहे हैं कि अगले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का नेतृत्व किसे करना चाहिए। यह जानकारी उनके लिए हैरान करने वाली थी।
उस समय सोनिया गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बने 5 साल हो चुके थे। वह देशभर में दौरे कर चुकी थीं, चुनाव प्रचार की कमान संभाल चुकी थीं और विपक्ष की नेता के रूप में भी सक्रिय थीं। लगातार चुनावी पराजय, नेताओं के पार्टी छोड़ने और संगठन की कमजोर होती स्थिति के बीच उन्होंने कांग्रेस को फिर से खड़ा करने की कोशिश की थी। इसके बावजूद पार्टी के भीतर उनके नेतृत्व को लेकर सवाल उठ रहे थे।
भारतीय पहचान पर सवाल की आदत
किताब में सोनिया लिखती हैं कि अपने ही सहयोगियों के मन में इस तरह का संदेह देखकर उन्हें गहरी चोट पहुंची। राजनीतिक विरोधियों की ओर से उनकी भारतीय पहचान पर सवाल उठाए जाने की उन्हें आदत हो चुकी थी, लेकिन अपने लोगों का भरोसा डगमगाना उन्हें ज्यादा परेशान करने वाला था। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ नेताओं के समूह तक अपना संदेश पहुंचाया कि कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते चुनाव अभियान का नेतृत्व करना उनका दायित्व है और वह इससे पीछे हटने वाली नहीं हैं। बाद में बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव पेश हुआ तो यह स्पष्ट हो गया कि चुनाव में कांग्रेस की कमान उन्हीं के हाथ में रहेगी। साथ ही भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए दूसरे दलों के साथ गठबंधन का रास्ता भी अपनाया जाएगा।
सत्ता के प्रति उदासीन महिला
यह प्रसंग सोनिया गांधी की उस छवि से अलग तस्वीर पेश करता है, जिसमें उन्हें राजनीति से दूर रहने की इच्छुक और सत्ता के प्रति उदासीन महिला के रूप में देखा जाता रहा है। राजनीति में आने को लेकर उनकी हिचकिचाहट जरूर थी, लेकिन जिम्मेदारी स्वीकार करने के बाद अपने नेतृत्व को लेकर वह पूरी तरह स्पष्ट थीं। वह राजनीति में नहीं आना चाहती थीं, मगर एक बार कांग्रेस की बागडोर संभालने के बाद खुद को किनारे किए जाने के पक्ष में भी नहीं थीं।
पुस्तक की खासियत यही है कि इसमें सोनिया गांधी का निजी और राजनीतिक व्यक्तित्व एक साथ सामने आता है। निजी जीवन को सार्वजनिक चर्चा से दूर रखने वाली सोनिया ने अपने अनुभवों, भावनाओं और राजनीतिक सफर के कई पहलुओं को दर्ज किया है। इससे पता चलता है कि किस तरह उन्होंने धीरे-धीरे खुद को एक प्रभावशाली राजनीतिक रणनीतिकार के रूप में स्थापित किया।
कई अहम सवालों के जवाब अधूरे
हालांकि, इस संस्मरण की कुछ सीमाएं भी हैं। सोनिया अपने साथ हुई घटनाओं और उनसे जुड़ी भावनाओं का जिक्र तो विस्तार से करती हैं, लेकिन उनके राजनीतिक फैसलों से पार्टी और देश की राजनीति पर पड़े असर की पड़ताल उतनी गहराई से नहीं करतीं। यही वजह है कि किताब उनके व्यक्तित्व और राजनीतिक सफर को समझने में मदद तो करती है, लेकिन उनके कार्यकाल से जुड़े कई अहम सवालों के जवाब अधूरे छोड़ देती है।

Leave a Reply