आंध्र से ओडिशा के बीच चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के टकराने की आशंका, मार्ग बदला, बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान!
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 19 से 21 नवंबर के बीच बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। इस बीच, गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ ने अपना मार्ग बदल लिया है और इसके आंध्र प्रदेश के नरसापुर तथा ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। आईएमडी ने बुधवार सुबह अनुमान जताया था कि चक्रवात 20 नवंबर को दोपहर आंध्र प्रदेश में नेल्लोर और विशाखापत्तनम के बीच गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट से टकराएगा।
इस दौरान हवा की अधिकतम गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने और झोंकों की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका जताई गई थी। मौसम विभाग ने हालांकि, बुधवार दोपहर अपने पूर्वानुमान में बदलाव करते हुए कहा कि चक्रवात के नरसापुर और पुरी के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान हवा की अधिकतम गति 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों में गरज के साथ बारिश और भारी वर्षा हो सकती है।
यहां होगी भारी बारिश, मछुआरों को सलाह
विभाग ने कहा कि पूर्वी मेदिनीपुर और पश्चिमी मेदिनीपुर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। जबकि, दक्षिण 24 परगना, हावड़ा, झाड़ग्राम और बांकुड़ा जिलों में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका के मद्देनजर 19 और 20 नवंबर को पश्चिम बंगाल के तट के आसपास और उससे दूर समुद्र में न जाएं। कोलकाता में 19 से 21 नवंबर के बीच गरज के साथ बारिश होने और इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

Leave a Reply