अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान गाजियाबाद जेल से रिहा, बेटे अब्दुल्ला ने किया स्वागत!

अंतरिम जमानत मिलने के बाद आजम खान गाजियाबाद जेल से रिहा, बेटे अब्दुल्ला ने किया स्वागत!

गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार को गाजियाबाद की डासना जेल से बाहर आ गए। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ जुट गई। बेटे अब्दुल्ला आजम और अन्य समर्थकों ने उनका स्वागत किया। पिता को जेल से बाहर आते देख अब्दुल्ला ने उत्साह में कहा, ‘टाइगर इज बैक’। समर्थकों ने भी नारेबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
आजम खान को लेने उनके बेटे अब्दुल्ला आजम और अदीब खान जेल पहुंचे थे। रिहाई के बाद आजम खान ने सबसे पहले बेटे को चूमा और दुलार किया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया। वह ज्यादा देर जेल के बाहर नहीं रुके और दोनों बेटों के साथ गाड़ी में बैठकर रामपुर के लिए रवाना हो गए।
जेल के बाहर समर्थकों की भीड़ लगातार नारे लगा रही थी। इस दौरान कुछ समर्थक उत्साह में बेकाबू होते भी दिखाई दिए। हालात को देखते हुए अब्दुल्ला आजम ने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि पिता की रिहाई का जश्न शांतिपूर्ण ढंग से मनाया जाए और कोई ऐसा काम न किया जाए, जिससे अव्यवस्था पैदा हो।

हाईकोर्ट ने गिरफ्तारी को माना अवैध
आजम खान की रिहाई का रास्ता इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश के बाद खुला। अदालत ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से की गई उनकी गिरफ्तारी को अवैध मानते हुए अंतरिम जमानत पर रिहा करने का आदेश दिया था। इसके बाद गाजियाबाद की अदालत में जमानत से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की गईं और बुधवार को जेल प्रशासन ने उन्हें रिहा कर दिया।
हालांकि, आजम खान की रिहाई के मामले में कानूनी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ ईडी ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। इस मामले में शीर्ष अदालत में 19 नवंबर को सुनवाई होनी है। ऐसे में रिहाई के बाद भी आजम खान को लेकर कानूनी घटनाक्रम पर सबकी नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM