देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के कई इलाकों का हाल बेहाल, गीले-सूखे कचरे से सड़कें पटी, हड़ताल से व्यवस्था चरमराई!

देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के कई इलाकों का हाल बेहाल, गीले-सूखे कचरे से सड़कें पटी, हड़ताल से व्यवस्था चरमराई!

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में सफाई कर्मियों के आंदोलन का असर अब सड़कों पर नजर आने लगा है। नियमितीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर सफाईकर्मी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। मंगलवार शाम से शहर के कई इलाकों में कचरा नहीं उठने के कारण जगह-जगह गीला और सूखा कचरा सड़कों पर फैल गया। देर रात तक कई स्थानों पर हालात ऐसे हो गए कि सड़कें कचरे से पट गई और लोगों को आवाजाही में परेशानी हुई।
एमआईजी थाने के सामने नेहरू नगर, विकास नगर, अमर टेकरी और रुस्तम का बगीचा सहित आसपास के क्षेत्रों में शाम होते-होते कचरा जमा होने लगा। कई जगह कचरे के ढेर सड़क तक पहुंच गए। गीले और सूखे कचरे के फैलने से दुर्गंध और गंदगी के बीच रहवासियों को निकलना पड़ा। कुछ सड़कों पर हालात इतने खराब थे कि वाहन चालकों को भी निकलने में दिक्कत हुई। नेहरू पार्क में आंदोलनकारी कर्मियों ने अपना प्रदर्शन किया।

आंदोलन का तरीका ठीक नहीं
शहर की सड़कों पर फैली गंदगी देखकर लोगों ने सवाल उठाया कि यही वह इंदौर है, जिसने स्वच्छता के मामले में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। रहवासियों का कहना था कि सफाई कर्मियों की मांगें अपनी जगह हैं, लेकिन आंदोलन का ऐसा तरीका भी ठीक नहीं है, जिससे आम लोगों को परेशानी उठानी पड़े। लोगों ने आशंका जताई कि लंबे समय तक सफाई व्यवस्था प्रभावित रही तो गंदगी के कारण बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ सकता है। कुछ लोगों ने यह आशंका भी जताई कि कहीं कचरा योजनाबद्ध तरीके से सड़कों पर तो नहीं डाला गया। शहर के अन्य इलाकों से भी इसी तरह कचरा जमा होने की सूचनाएं सामने आई हैं।

निगम मुख्यालय पर डटे सफाईकर्मी
सफाईकर्मी नियमितीकरण की मांग को लेकर नगर निगम मुख्यालय पर लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन कर रहे हैं। बड़ी संख्या में कर्मचारी घंटों धूप में बैठकर नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उनकी मांगों पर जल्द फैसला होना चाहिए। सफाई कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि 2 से 4 दिन में उनकी मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो वे हड़ताल पर जाने का फैसला कर सकते हैं। ऐसे में आंदोलन लंबा खिंचने पर शहर की रोजाना होने वाली सफाई व्यवस्था और प्रभावित होने की आशंका है। मंगलवार शाम को कई इलाकों में कचरा नहीं उठने से इसके संकेत भी दिखाई देने लगे।

8 बार अव्वल रहे शहर के सामने चुनौती
इंदौर की पहचान देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में बनी हुई है। शहर लगातार 8 बार स्वच्छता सर्वेक्षण में शीर्ष स्थान हासिल कर चुका है। ऐसे में सफाई कर्मियों के आंदोलन के कारण सड़कों पर कचरा दिखाई देना नगर निगम के लिए बड़ी चिंता का विषय है। यदि प्रदर्शन आगे भी जारी रहता है तो शहर की सफाई व्यवस्था को सामान्य बनाए रखना निगम के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM