सीईसी के इस्तीफे पर अड़ी कांग्रेस, एसआईआर रद्द करने और मतपत्र से चुनाव की भी मांग!
नई दिल्ली। कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अपना रुख और स्पष्ट कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त का इस्तीफा, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को रद्द करना और चुनाव मतपत्र के जरिए कराना पार्टी की ऐसी तीन प्रमुख मांगें हैं, जिन पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
खड़गे ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा कि इन मुद्दों को लेकर देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता और ‘इंडिया’ गठबंधन में शामिल दल सड़कों पर आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने दिल्ली में महिला पत्रकारों के कथित उत्पीड़न के मुद्दे पर भी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि तानाशाह बहुत घबराया हुआ है, ध्यान भटकाने के एक और अध्याय के लिए तैयार रहिए।
इधर, कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई ने भी सोमवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया। रायसीना रोड स्थित संगठन के मुख्यालय पर हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने सफेद चादर ओढ़कर ‘शव’ का प्रतीक बनाया। प्रदर्शनकारी ‘वोट चोरी’ के आरोप लगाते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
किसी भी तरह का बदलाव करने की मंजूरी नहीं दी
एसआईआर के दौरान इस्तेमाल किए जा रहे फॉर्म-6 को लेकर सुप्रीम कोर्ट में भी स्थिति स्पष्ट हुई है। शीर्ष अदालत ने कहा कि उसने निर्वाचन आयोग को फॉर्म-6 में किसी भी तरह का बदलाव करने की मंजूरी नहीं दी है। अदालत ने सुनवाई के दौरान कहा कि जब संबंधित रिकॉर्ड उसके सामने पेश किए जाएंगे, तब यह देखा जाएगा कि फॉर्म में बदलाव किसने किया।
फॉर्म-6 वह आवेदन पत्र है, जिसके माध्यम से कोई पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करने के लिए आवेदन करता है। निर्वाचन आयोग ने 26 सितंबर को जारी एक प्रेस वक्तव्य में कहा था कि बिहार में एसआईआर से संबंधित मई 2026 के फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने फॉर्म-6 में की गई घोषणा को सही ठहराया था। अब अदालत की टिप्पणी के बाद इस बदलाव को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Leave a Reply