भागीरथपुरा हादसा : न्यायिक आयोग की रिपोर्ट लेकर मृतकों के घर पहुंचे कांग्रेस नेता, परिजनों ने कहा ‘अब तक नहीं मिली मदद!’
इंदौर। भागीरथपुरा दूषित पानी कांड की न्यायिक आयोग की रिपोर्ट से असंतुष्ट कांग्रेस अब पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचकर उनका समर्थन जुटा रही है। बुधवार को इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चिंटू चौकसे कार्यकर्ताओं के साथ हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के घर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर न्यायिक आयोग की रिपोर्ट में सामने आई बातों की जानकारी दी और रिपोर्ट भी दिखाई।
रिपोर्ट की जानकारी मिलने के बाद मृतकों के परिजनों ने हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना था कि हादसे में परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य चला गया, लेकिन इसके बाद भी उनकी सुध लेने कोई नहीं आया। परिजनों ने मांग की कि महापौर, पार्षद, विधायक, निगम आयुक्त सहित जो भी लोग हादसे के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए।
मुआवजा नहीं मिलने का आरोप
मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद सरकार की ओर से मुआवजे की घोषणा के बावजूद उन्हें अब तक राशि नहीं मिली है। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत के बाद घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कई परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का भी संकट खड़ा हो गया है।
परिजनों ने यह भी बताया कि सरकार ने दूषित पानी से बीमार हुए लोगों के इलाज का खर्च उठाने की बात कही थी, लेकिन कई परिवारों को इलाज के लिए अपनी जेब से पैसा खर्च करना पड़ा। इतना ही नहीं, मृतक का शव अस्पताल से घर तक लाने के लिए भी परिजनों को खर्च उठाना पड़ा।
रिपोर्ट से कांग्रेस असंतुष्ट, फिर आंदोलन की तैयारी
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने कहा कि कांग्रेस भागीरथपुरा हादसे की न्यायिक जांच आयोग की रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों की स्थिति और उनकी भावनाओं को देखते हुए कांग्रेस एक बार फिर सड़क पर उतरकर दोषियों को सजा दिलाने की मांग करेगी।
चौकसे ने कहा कि न्यायिक जांच आयोग ने भागीरथपुरा के पीड़ित परिवारों के लिए राहत और मुआवजे को लेकर जो अनुशंसाएं की हैं, सरकार को उन्हें तत्काल लागू करना चाहिए। प्रभावित परिवारों को जल्द आर्थिक राहत मिलना जरूरी है, ताकि हादसे के बाद मुश्किल में आए परिवारों को कुछ सहारा मिल सके।इस दौरान राम नारायण बौरासी, अमित यादव, रानू मलोरिया, नितेश बौरासी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply