सीएम के काफिले तक किसानों के पहुंचने पर पांढुर्णा एसपी को हटाकर भोपाल भेजा, विदिता धनखड़ बनीं नई एसपी!

सीएम के काफिले तक किसानों के पहुंचने पर पांढुर्णा एसपी को हटाकर भोपाल भेजा, विदिता धनखड़ बनीं नई एसपी!

पांढुर्णा। मुख्यमंत्री मोहन यादव के पांढुर्णा दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक का असर पुलिस अधीक्षक प्रकाशचंद्र परिहार पर पड़ा है। मुख्यमंत्री के दौरे के 2 दिन बाद मंगलवार देर रात राज्य शासन ने आईपीएस अधिकारियों के तबादले का आदेश जारी कर परिहार को पांढुर्णा एसपी पद से हटा दिया। उन्हें पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) बनाया गया है। उनकी जगह दूसरी वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर की सेनानी विदिता धनखड़ को पांढुर्णा का नया एसपी बनाया गया है।


मुख्यमंत्री रविवार को पांढुर्णा पहुंचे थे। जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर किसान हाथों में सूखी फसल लेकर प्रदर्शन करने पहुंचे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरा होने के बाद जब उनका काफिला आगे बढ़ा तो प्रदर्शनकारी किसान सुरक्षा घेरे को पार करते हुए काफिले के काफी करीब पहुंच गए। स्थिति ऐसी बनी कि मुख्यमंत्री का काफिला किसानों के बीच फंस गया और करीब आधे घंटे तक आगे नहीं बढ़ सका।
मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर रास्ता साफ कराने का प्रयास किया। जबलपुर रेंज के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर सुरक्षा व्यवस्था संभालते नजर आए। काफी मशक्कत के बाद काफिला अगले कार्यक्रम के लिए रवाना हो सका।

स्कूल परिसर में भी हुआ विरोध
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सांदीपनि स्कूल परिसर में भी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे। जिले के विकास कार्यों से संबंधित बैठक और कार्यक्रमों से लौटते समय कांग्रेस नेताओं ने मुख्यमंत्री के सामने पांढुर्णा को सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग को लेकर विरोध किया। कार्यक्रम स्थल तक विरोध की आवाज पहुंचने के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस महकमे में चर्चा तेज हो गई थी।
एक ही दौरे में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शनकारियों का मुख्यमंत्री तक पहुंचना पुलिस के लिए गंभीर चूक माना गया। दौरे के दिन से ही चर्चा थी कि वीआईपी सुरक्षा में हुई लापरवाही की जिम्मेदारी किसी वरिष्ठ अधिकारी पर डाली जा सकती है। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले अधिकारियों की भूमिका की समीक्षा की बात सामने आने लगी थी।

2 दिन बाद जारी हुआ आदेश
मुख्यमंत्री के दौरे के बाद से ही एसपी प्रकाशचंद्र परिहार के तबादले की अटकलें लगाई जा रही थीं। मंगलवार देर रात शासन के आदेश के साथ इन चर्चाओं पर विराम लग गया। परिहार को पांढुर्णा से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में एआईजी पद पर भेजा गया है। उनके स्थान पर विदिता धनखड़ को पांढुर्णा एसपी की जिम्मेदारी दी गई है। धनखड़ इससे पहले दूसरी वाहिनी विशेष सशस्त्र बल, ग्वालियर में सेनानी के पद पर पदस्थ थीं।

अन्य अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में
दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में सामने आई दोनों घटनाओं के बाद अब कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं से जुड़े अन्य अधिकारियों की भूमिका पर भी नजर है। पूरे घटनाक्रम की समीक्षा के बाद जिम्मेदारी तय किए जाने की संभावना है। हालांकि शासन के जारी आदेश में फिलहाल कार्रवाई केवल एसपी प्रकाशचंद्र परिहार के तबादले तक सामने आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM