अस्पताल में छूट गया था मासूम, अब अमेरिका में मिलेगा परिवार का प्यार, अमेरिकी दंपति ने गोद लिया!

अस्पताल में छूट गया था मासूम, अब अमेरिका में मिलेगा परिवार का प्यार, अमेरिकी दंपति ने गोद लिया!

इंदौर। जन्म के साथ ही गंभीर बीमारियों से जूझने और माता-पिता से बिछड़ने वाले एक साल के बच्चे को अब नया परिवार मिलने जा रहा है। धार में जन्मे इस मासूम को उसके माता-पिता अस्पताल में छोड़कर चले गए थे। बेहतर इलाज के लिए उसे इंदौर लाया गया, जहां लंबे उपचार और देखरेख के बाद अब उसके जीवन की दिशा बदलने वाली है।
अमेरिका में रहने वाला एक दंपति उसे गोद लेकर अपने साथ ले जाएगा। खास बात यह है कि दंपति के परिवार में पहले से 2 बच्चे हैं। ऐसे में मासूम को माता-पिता के साथ भाई-बहनों का साथ भी मिलेगा।दरअसल, धार जिले में जुड़वां बच्चों का जन्म हुआ था। दोनों को थैलेसीमिया, सिकल सेल और हेपेटाइटिस बी व सी जैसी गंभीर बीमारियां थीं। बच्चों की बीमारी और हालत को देखते हुए उनके माता-पिता उन्हें अस्पताल में ही छोड़कर चले गए। इसके बाद दोनों को बेहतर उपचार के लिए इंदौर भेजा गया। यहां इलाज के दौरान एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा जिंदगी के लिए संघर्ष करता रहा। उपचार के बाद उसकी देखभाल संजीवनी सेवा संस्था में की जाने लगी।

गोद देने की प्रक्रिया शुरू की
बच्चे को परिवार दिलाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग ने केंद्रीय दत्तक ग्रहण संसाधन प्राधिकरण (CARA) के माध्यम से कानूनी प्रक्रिया शुरू की। करीब एक साल से चल रही इस प्रक्रिया के दौरान अमेरिका में रहने वाले एक दंपति ने बच्चे को गोद लेने की इच्छा जताई। विभागीय स्तर पर जरूरी औपचारिकताएं पूरी की गईं। इसके बाद कलेक्टर शिवम वर्मा ने दत्तक ग्रहण की प्रक्रिया को मंजूरी दे दी।

जन्म प्रमाण के बाद बनेगा पासपोर्ट
मासूम को अमेरिका भेजने से पहले उसके दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। फिलहाल जन्म प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया चल रही है। इसके बाद पासपोर्ट और वीजा संबंधी औपचारिकताएं पूरी होंगी। अमेरिकी दंपति पहले दिल्ली पहुंचेगा और फिर इंदौर आकर बच्चे से मुलाकात करेगा। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद वह बच्चे को अपने साथ अमेरिका ले जाएगा।

हर 6 महीने में जानकारी
विदेश में गोद दिए जाने वाले बच्चों की देखभाल पर भी विभाग की नजर रहती है। इसके लिए दत्तक ग्रहण के बाद हर 6 महीने में फॉलोअप रिपोर्ट देना अनिवार्य है। इसमें बच्चे के स्वास्थ्य, देखभाल और नए परिवार में उसके रहने की स्थिति की जानकारी ली जाती है। विभागीय जानकारी के मुताबिक, अब तक करीब 30 बच्चों को विदेश में परिवार मिल चुका है। करीब एक साल से चल रही प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इस मासूम के लिए भी एक नए घर और परिवार का रास्ता खुल गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM