शहडोल में खर्च का अनोखा हिसाब! ढाबे के बिल में दीये-बत्ती, पंचायत के खाते से 10 हजार पार!
शहडोल: मध्य प्रदेश के शहडोल जिले की ग्राम पंचायत कौआसरई का एक बिल चर्चा में है। पंचायत के रिकॉर्ड में न्यू सोनू यूपी ढाबा से पूजा सामग्री खरीदने के बदले 10 हजार 400 रुपये का भुगतान दर्ज है। बिल में रूई की बत्ती से लेकर दीये, रिफाइंड तेल, रेवड़ी, अगरबत्ती, मोमबत्ती और नारियल तक की खरीदी दिखाई गई है। सवाल यह है कि ढाबे से इतनी सारी पूजा सामग्री खरीदी गई तो क्या वहां इन सामानों की बिक्री भी होती है?
बिल में दर्ज हैं ये सामान
13 अक्टूबर 2026 को जारी बिल में 350 पैकेट रूई की बत्ती, 750 दीये और 15 लीटर रिफाइंड तेल सहित अन्य सामग्री का जिक्र है। इसके अलावा रेवड़ी, अगरबत्ती, मोमबत्ती और नारियल भी खरीदे गए बताए गए हैं। बिल में इन सभी सामानों की कुल रकम 10 हजार 400 रुपये दर्ज है।
जोड़-घटाव में भी नजर आ रहा अंतर
बिल में 350 पैकेट रूई की बत्ती की दर 10 रुपये लिखी गई है, जबकि कुल रकम 2,500 रुपये दर्ज है। 350 पैकेट का हिसाब 3,500 रुपये होता है। यानी यहां 1,000 रुपये का अंतर नजर आ रहा है। वहीं 750 दीयों की दर 5 रुपये के हिसाब से उनकी कुल कीमत 3,750 रुपये बनती है।
पहले भी चर्चा में रहा था सरकारी खर्च का हिसाब
शहडोल में इससे पहले जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में एक घंटे के आयोजन के दौरान 14 किलो ड्राई फ्रूट और 6 लीटर दूध में 5 किलो शक्कर की चाय की खपत का मामला चर्चा में आया था।
अब कौआसरई पंचायत के इस बिल ने सरकारी खर्चों के हिसाब पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। ढाबे से पूजा सामग्री की खरीदी क्यों की गई? बिल में दर्ज रकम का हिसाब सही है या नहीं? और यह खर्च किस कार्यक्रम के लिए किया गया था? इन सवालों पर संबंधित अधिकारियों की जांच और जवाब का इंतजार रहेगा।

Leave a Reply