12 महीने का इंतजार, सिर्फ 24 घंटे दर्शन! ग्वालियर के कार्तिकेय मंदिर में उमड़ी भक्तों की भीड़
ग्वालियर: शहर में भगवान कार्तिकेय का एक ऐसा मंदिर है, जिसके पट साल में सिर्फ एक बार खुलते हैं। बाकी पूरे साल भक्तों को उनके दर्शन का इंतजार रहता है। कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर मंगलवार सुबह मंदिर के कपाट खुले तो दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। करीब 600 साल पुराने इस मंदिर में सुबह से ही ग्वालियर के अलावा आसपास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी लोग पहुंचने लगे। मान्यता है कि इस दिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
साल में एक बार होते हैं भगवान के दर्शन
ग्वालियर के जीवाजीगंज में बने इस मंदिर में भगवान कार्तिकेय की छह मुख वाली प्रतिमा विराजमान है। मंदिर की एक और खास बात यहां स्थापित गंगा, यमुना और सरस्वती की त्रिवेणी प्रतिमा है। यहां हनुमान जी और लक्ष्मीनारायण के दर्शन भी किए जा सकते हैं, लेकिन भगवान कार्तिकेय के दर्शन का मौका साल में केवल कार्तिक पूर्णिमा पर मिलता है।
सुबह 4 बजे खुले मंदिर के दरवाजे
मंदिर में सोमवार-मंगलवार की आधी रात से ही तैयारियां शुरू हो गई थीं। साफ-सफाई के बाद वैदिक मंत्रों के साथ भगवान कार्तिकेय का अभिषेक किया गया और उनका विशेष श्रृंगार हुआ। सुबह चार बजे मंदिर के पट खोले गए और पांच बजे से भक्तों को दर्शन मिलने लगे। इसके बाद मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतार लग गई।
गणेश जी से जुड़ी है मंदिर की मान्यता
इस मंदिर से एक पौराणिक कथा भी जुड़ी है। कहा जाता है कि एक बार भगवान गणेश और कार्तिकेय के बीच श्रेष्ठता को लेकर सवाल उठा। तब भगवान शिव और माता पार्वती ने दोनों से कहा कि जो सबसे पहले तीनों लोकों की परिक्रमा करके लौटेगा, वही श्रेष्ठ होगा।
यह सुनकर कार्तिकेय अपने मोर पर सवार होकर निकल पड़े। वहीं गणेश जी ने अपने माता-पिता की तीन परिक्रमा की और उन्हें ही तीनों लोक मान लिया। उनकी इस बात से शिव-पार्वती प्रसन्न हुए और गणेश जी को श्रेष्ठ माना।
इस फैसले से नाराज होकर कार्तिकेय तपस्या के लिए चले गए। लोकमान्यता है कि बाद में माता पार्वती के आग्रह पर उन्होंने कार्तिक पूर्णिमा के दिन दर्शन करने वाले भक्तों को मनोकामना पूरी होने का आशीर्वाद दिया। इसी वजह से इस दिन मंदिर में दर्शन को खास माना जाता है।
दर्शन के बाद फिर बंद हो जाएंगे पट
मंदिर में करीब 24 घंटे तक भक्तों को दर्शन का मौका मिलेगा। इसके बाद पूजा-अर्चना कर भगवान की प्रतिमा को पांच कपड़ों से ढंक दिया जाएगा और मंदिर के दरवाजे पर ताला लगा दिया जाएगा। फिर अगले साल कार्तिक पूर्णिमा पर ही पट खुलेंगे। यही वजह है कि यहां हर साल इस एक दिन का भक्तों को बेसब्री से इंतजार रहता है।

Leave a Reply