इंदौर। बाणगंगा थाना क्षेत्र में सूदखोरी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति की आत्महत्या के बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। आरोप है कि ब्याज के नाम पर लाखों रुपए वसूलने के बावजूद महिला लगातार रकम की मांग कर रही थी, जिससे परेशान होकर व्यक्ति ने जहर खा लिया।
पुलिस के अनुसार नंदबाग निवासी राजेश साहू पुत्र छगनलाल साहू ने 13 मार्च को जहरीला पदार्थ खा लिया था। उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और परिजनों के बयान दर्ज किए।
जांच के दौरान मृतक के बेटे अजय साहू तथा अन्य परिवारजनों ने बताया कि राजेश साहू ने कुछ समय पहले नंदबाग निवासी रोशनी साहू से 50 हजार रुपए उधार लिए थे। आरोप है कि इसके बदले रोशनी साहू ब्याज के नाम पर करीब 3 लाख 50 हजार रुपए वसूल चुकी थी। इसके बावजूद वह लगातार और रकम की मांग कर रही थी तथा राजेश पर भुगतान के लिए दबाव बना रही थी।
तकादे और आर्थिक दबाव में आत्महत्या
परिजनों के मुताबिक लगातार हो रहे तकादों और आर्थिक दबाव के कारण राजेश मानसिक रूप से बेहद परेशान रहने लगे थे। घटना वाले दिन भी वह अपनी लोडिंग गाड़ी में बेसुध अवस्था में मिले थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनके बेटे अजय साहू ने उनकी पहचान की थी।
सूदखोरी अधिनियम तथा प्रताड़ना का मामला
मामले की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर बाणगंगा पुलिस ने रोशनी साहू के खिलाफ सूदखोरी अधिनियम तथा प्रताड़ना से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है। पुलिस अब पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।