रामपुर। युवकों को झांसे में लेकर अश्लील वीडियो बनाने और ब्लैकमेल कर रुपये वसूलने वाले हनीट्रैप गिरोह की फरार सदस्य सुप्रिया को गंज कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस पिछले करीब 8 माह से उसकी तलाश कर रही थी। मामले में गिरोह के अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि सुप्रिया लगातार फरार चल रही थी। पुलिस के अनुसार मामला केमरी क्षेत्र के एक युवक से जुड़ा है, जो वेल्डिंग का काम करता है। युवक ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया था कि उसके मोबाइल के व्हाट्सएप पर एक युवती का संदेश आया था। बातचीत बढ़ने के बाद युवती ने उसे अपने विश्वास में ले लिया। इसके बाद 22 नवंबर 2025 को बड़ी कंपनी में नौकरी दिलाने का लालच देकर उसे उत्तराखंड के रुद्रपुर बुलाया गया।
कमरे में ले जाकर की मारपीट
युवक ने शिकायत में बताया कि रुद्रपुर पहुंचने पर उसे एक कमरे में ले जाया गया, जहां सुप्रिया, इकराबी, दीपक कश्यप, मुकेश, इशरत और एक अन्य युवक पहले से मौजूद थे। सभी ने मिलकर उसके साथ डंडों से मारपीट की। इसके बाद जान से छोड़ने के बदले उसके बैंक खाते से मुकेश और दीपक के खातों में ऑनलाइन माध्यम से ₹1,52,000 स्थानांतरित करा लिए।
इसके बाद आरोपी उसे कार में बैठाकर रात करीब 9 बजे रामपुर के गंज थाना क्षेत्र स्थित एक मकान में ले आए। वहां गिरोह की सदस्य जौहरा उर्फ महक पहले से मौजूद थी। आरोप है कि युवक को बंदूक की नोक पर कपड़े उतरवाने के लिए मजबूर किया गया और जोहरा के साथ आपत्तिजनक स्थिति में उसका वीडियो बनाया गया। बाद में वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी देकर उससे ₹80,000 और वसूल लिए गए। युवक की शिकायत पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गंज कोतवाली में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान जोहरा सहित गिरोह के अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, लेकिन सुप्रिया लगातार फरार थी।
घर से दबोची गई आरोपी
गंज कोतवाली प्रभारी पवन कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने बाबा दीप सिंह नगर स्थित उसके घर पर दबिश दी और सुप्रिया को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी मूल रूप से शहर कोतवाली क्षेत्र के चादर वाला बाग मोहल्ले की रहने वाली है और वर्तमान में सिविल लाइंस क्षेत्र के बाबा दीप सिंह नगर में रह रही थी। पुलिस उससे पूछताछ कर गिरोह की गतिविधियों और अन्य संभावित मामलों की जानकारी जुटा रही है।