हेड कॉन्स्टेबल के पास 6.26 करोड़ की संपत्ति, 15 ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमारी, मां और पत्नी के नाम भी फर्म!

हेड कॉन्स्टेबल के पास 6.26 करोड़ की संपत्ति, 15 ठिकानों पर लोकायुक्त की छापेमारी, मां और पत्नी के नाम भी फर्म!

इंदौर। पुलिस विभाग में पदस्थ एक हेड कॉन्स्टेबल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला सामने आया है। लोकायुक्त पुलिस की शुरुआती जांच में इंदौर के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय (पीटीसी) में पदस्थ हेड कांस्टेबल (ड्राइवर) फिरोज खान के पास करीब 6.26 करोड़ रुपए की संपत्ति होने का पता चला है।
यह संपत्ति उसकी अनुमानित वैध आय से करीब 223 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। मामले में लोकायुक्त इंदौर और उज्जैन की संयुक्त टीम ने बुधवार सुबह 6 बजे से इंदौर और देवास में उसके निवास सहित 15 ठिकानों पर छापेमारी कर तलाशी शुरू की। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि फिरोज खान पुलिस विभाग में अपने पद और प्रभाव का इस्तेमाल कर देवास क्षेत्र में विवादित जमीनों और प्लॉटों के मामलों में दखल देता था। उस पर दूसरे लोगों के माध्यम से जमीनों की खरीद-फरोख्त करने, संपत्तियों में निवेश करने और परिवार के सदस्यों के साथ एक परिचित महिला के नाम पर भी संपत्तियां खरीदने के आरोप हैं। इसके अलावा कई वाहन रखने और लकड़ी का कारोबार करने की बात भी शिकायत में कही गई है।
दूसरे स्रोतों से 1.93 करोड़ की आय
लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के मुताबिक, शुरुआती आकलन में फिरोज खान को वेतन से करीब 75 लाख रुपए की आय होना अनुमानित किया गया है। अन्य स्रोतों से होने वाली आय को मिलाकर उसकी कुल आय करीब 1.93 करोड़ रुपए आंकी गई है। इसके मुकाबले करीब 6.26 करोड़ रुपए की संपत्ति मिलने की जानकारी सामने आई है। लोकायुक्त अब संपत्तियों, बैंक खातों और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि आय और संपत्ति के बीच अंतर का पूरा हिसाब लगाया जा सके।

मां और पत्नी के नाम पर फर्म
जांच के दौरान पता चला कि फिरोज खान की मां और पत्नी के नाम पर साहिल ट्रेडिंग नाम की फर्म संचालित होती है। इस फर्म के बैंक खातों में करोड़ों रुपए का लेन-देन होने की जानकारी मिली है। वहीं, उसकी परिचित रोशनी वर्मा के नाम पर रोशनी सेल्स एंड सर्विस नाम से एक अन्य फर्म चलाए जाने का भी पता चला है। जमीनों की खरीद में रोशनी वर्मा की भूमिका सामने आने के बाद लोकायुक्त ने उन्हें भी मामले में आरोपी बनाया है। जांच में यह जानकारी भी मिली है कि फिरोज खान ने रॉयल ग्रीन रियल एस्टेट नाम की फर्म के जरिए रियल एस्टेट के कारोबार में निवेश किया है। लोकायुक्त की टीम इन फर्मों के वित्तीय लेन-देन, संपत्तियों की खरीद और निवेश के स्रोतों की पड़ताल कर रही है।

सांवेर का सौदा भी जांच में
मामले की जांच में सांवेर तहसील के ग्राम गुरान में 21.75 बीघा कृषि भूमि से जुड़ा एक सौदा भी सामने आया है। इस जमीन को लेकर शिकायतकर्ता के बेटे और उसके पिता के बीच विवाद बताया गया है। आरोप है कि इसी विवाद का फायदा उठाकर फिरोज खान ने अपनी परिचित रोशनी वर्मा के नाम पर शिकायतकर्ता के पिता से कृषि भूमि का पंजीकृत अनुबंध कराया। लोकायुक्त इस सौदे में कथित भूमिका, जमीन के हस्तांतरण से जुड़े दस्तावेजों और संबंधित लोगों के बीच हुए लेनदेन की जांच कर रही है। फिलहाल कार्रवाई शुरुआती चरण में है। तलाशी के दौरान मिली संपत्तियों और दस्तावेजों का सत्यापन होने के बाद मामले में और जानकारियां सामने आने की संभावना है।

देवास में 11, इंदौर में 4 जगह जांच
लोकायुक्त की टीमों ने देवास में 11 और इंदौर में 4 स्थानों पर सर्च कार्रवाई शुरू की। इनमें देवास के आदर्श नगर स्थित फिरोज खान का आवास, इंदौर के बाणगंगा क्षेत्र में रोशनी वर्मा का निवास, स्कीम नंबर 94 के मनोरमा अपार्टमेंट में मां के नाम खरीदे गए फ्लैट, श्रीनगर कॉलोनी का फ्लैट तथा देवास और आसपास के क्षेत्रों में स्थित भूखंड एवं कृषि भूमि शामिल हैं।
इसके अलावा देवास की पुष्पकुंज कॉलोनी, विजय नगर कॉलोनी, इंदिरा गांधी नगर, ग्राम गजीपुरा, जेतपुरा और गद्दूखेड़ी तथा सांवेर तहसील के ग्राम गुरान में स्थित जमीनों की भी जांच की जा रही है। लोकायुक्त की टीमें संपत्तियों के दस्तावेज, खरीद के स्रोत और वित्तीय लेन-देन से संबंधित रिकॉर्ड खंगाल रही हैं।

8 अफसरों के साथ कार्रवाई
लोकायुक्त के महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देशन में उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक राजेश सहाय के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। देवास में उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान और दीपक शेजवार सहित निरीक्षक सचिन पटेरिया, राजेंद्र वर्मा और निरीक्षक प्रतिभा तोमर की टीम कार्रवाई में शामिल रही। वहीं, इंदौर में उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान, दिनेश चंद्र पटेल और निरीक्षक आशुतोष मिठास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी सर्च में जुटे रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM