जिस जेल की सुरक्षा की जिम्मेदारी, वहीं महिला प्रहरी से दुष्कर्म का आरोप!
Bhopal : मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सेंट्रल जेल से एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां पदस्थ जेलर मग्नू सिंह मरावी के खिलाफ महिला प्रहरी ने दुष्कर्म और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। महिला की शिकायत पर गांधी नगर पुलिस ने जेलर के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का आरोप है कि रात की ड्यूटी के दौरान जेलर ने उसे जबरन वॉशरूम में ले जाकर दुष्कर्म किया और घटना के बारे में किसी को बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
गश्त के दौरान हुई घटना, वॉशरूम में ले जाने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, महिला प्रहरी रात के समय जेल परिसर में ड्यूटी कर रही थी। रात करीब 10:30 बजे वह परिसर में गश्त पर थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात जेलर मग्नू सिंह मरावी से हुई। महिला का आरोप है कि जेलर ने पहले उससे अश्लील बातें कीं और फिर जबरदस्ती वॉशरूम में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद आरोपी ने उसे किसी को भी इसकी जानकारी नहीं देने की धमकी दी। उसने जान से मारने की धमकी दिए जाने की बात भी शिकायत में कही है। इसके बाद महिला प्रहरी गांधी नगर थाने पहुंची और अपनी शिकायत दर्ज कराई।
मेडिकल जांच के साथ CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस टीम ने सेंट्रल जेल पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। अब जांच में जेल परिसर के CCTV कैमरों की फुटेज और ड्यूटी से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जाएंगे। घटना के समय परिसर में मौजूद कर्मचारियों और अन्य संभावित गवाहों से भी पूछताछ की जाएगी।
2017 में भी दर्ज कराया था मामला
बताया जा रहा है कि महिला प्रहरी ने साल 2017 में भी जेल विभाग के एक अधिकारी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। हालांकि, उस पुराने मामले और मौजूदा शिकायत के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह अभी साफ नहीं है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जेलर का पक्ष और जांच में सामने आने वाले तथ्य आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply