जवाबदेही के कटघरे में मध्य प्रदेश सरकार: दावों और नारों के बीच उलझती जनता की बुनियादी ज़रुरतें!
मध्य प्रदेश की सत्ता और प्रशासन के गलियारों में जब सुर्खियां बड़ी घोषणाओं, भव्य आयोजनों और विकास के आंकड़ों से गढ़ी जा रही हों, तब ज़मीनी हकीकत एक अलग और असहज तस्वीर पेश करती है। आज प्रदेश के सामने सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है कि सरकार के पास योजनाओं के नाम कितने हैं, बल्कि यह है कि प्रशासनिक जवाबदेही, नीतिगत स्पष्टता और संवेदनशीलता किस स्तर पर खड़ी है।
जब किसान अपनी उपज के वाजिब दाम के लिए सड़क पर उतरते हैं, गंभीर त्रासदियों से जुड़े फैसलों पर न्याय और जवाबदेही के सवाल उठते हैं, शहरी बुनियादी सेवाओं के निजीकरण से जेब पर बोझ पड़ने की आशंका गहराती है और जनप्रतिनिधि व नौकरशाही आमने-सामने आते हैं, तो यह बिखरी घटनाएं नहीं रहतीं – यह शासन के कामकाज का सीधा हिसाब बनती हैं। हकीकत यह है कि सरकार का खुद पर से और राज्य पर से भी इकबाल उठता जा रहा है। शायद यही वजह है कि इतना पैसा पीआर और छवि-निर्माण पर बहाया जाता है, जबकि ज़मीन पर आदिवासियों के पास पीने का साफ़ पानी तक नहीं है।
किसान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था शासन की संवेदनशीलता का पहला और सबसे नाज़ुक आईना है। नरसिंहपुर में गन्ने के दाम को लेकर किसानों का गुस्सा सड़क जाम, करेली शुगर मिल बंदी की कोशिश और पुलिस झड़प तक पहुंचना बताता है कि लागत और आमदनी के संतुलन को लेकर ज़मीनी तनाव किस गहराई तक उबल रहा है—खासतौर पर तब, जब शक्कर के बाजार भाव के मुकाबले गन्ने की उचित कीमत की मांग लंबे समय से उठ रही है और समाधान के लिए कृषि सचिव व किसान संगठनों के बीच बातचीत की नौबत आ जाए।
इसके समानांतर, शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक सुविधाओं और संपत्तियों से जुड़े फैसलों पर भी तीखे सवाल खड़े हो रहे हैं—चाहे भोपाल में सैकड़ों कॉलोनियों की जल आपूर्ति निजी एजेंसी को सौंपने के प्रस्ताव पर संभावित शुल्क वृद्धि और प्रक्रिया का विवाद हो, या फिर अतिक्रमण व तोड़फोड़ की कार्रवाइयों में आम नागरिक और व्यवस्था के बीच समानता व प्रक्रियात्मक न्याय का मुद्दा। जब बुनियादी सुविधाएं भी बाज़ार या मनमानी के भरोसे दिखने लगें, तो व्यवस्था की विश्वसनीयता चरमराती है।
स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था के मोर्चों पर भी लापरवाही और देरी की परतें साफ दिखती हैं। इंदौर के भागीरथपुरा दूषित जलकांड में चौबीस मौतों से जुड़े मामले के बीच निलंबित पीएचई अधिकारी संजीव श्रीवास्तव की बहाली और भोपाल मुख्यालय में पदस्थापना पर उठता विरोध कानून और जवाबदेही की साख को सीधे कसौटी पर रखता है; पीड़ित परिवारों, याचिकाकर्ताओं और बार एसोसिएशन की नाराज़गी बताती है कि गंभीर चूक के बाद भी प्रशासनिक संरक्षण का संदेश जा रहा है।
उधर, भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ितों के उपचार से जुड़े अस्पतालों में 92.85 प्रतिशत सुपर-स्पेशलिस्ट पद रिक्त पड़े होने की रिपोर्ट्स स्वास्थ्य व्यवस्था की उस सच्चाई को उजागर करती हैं, जहां दशकों बाद भी विशेषज्ञ चिकित्सा का संकट बना हुआ है। वहीं, 9 दिसंबर से शुरू होने वाली मध्य प्रदेश पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए 7,500 पदों पर करीब 7.5 लाख आवेदनों के बीच परीक्षा केंद्रों की दूरी—जहां पिछली परीक्षाओं में अभ्यर्थियों को 800 से 1,000 किलोमीटर दूर भेजे जाने का आरोप विधायक हीरालाल अलावा ने उठाया है—चयनित शिक्षक अभ्यर्थियों के लंबे धरने, आउटसोर्स कर्मियों की अनिश्चितता, तथा वन क्षेत्रों, बफर जोन और अवैध तस्करी व अपराधों पर कार्रवाई की रफ्तार के साथ मिलकर यह पूछने को मजबूर करती है कि नीतियां और नियम कागजों से आगे निकलकर ज़मीन पर कितने प्रभावी, समयबद्ध और निष्पक्ष हैं।
सबसे चिंताजनक पहलू शासन के भीतर समन्वय और दिशा का है। मंडला जैसे आदिवासी बहुल जिले में मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े अपर सचिव लक्ष्मण सिंह मरकाम की टिप्पणियों और सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के तीखे पलटवार ने इस बहस को और धार दी है कि जब जनप्रतिनिधि और नौकरशाही के बीच तालमेल की कमी सार्वजनिक हो, तो पिछड़े और आदिवासी जिलों के विकास की कीमत आखिर कौन चुकाता है?
जब शासन का इकबाल कमजोर पड़ता है, तो प्रचार और पीआर के शोर से उसकी भरपाई नहीं हो सकती—खासकर तब, जब आदिवासी इलाकों में पेयजल जैसी बुनियादी ज़रूरतें अधूरी हों। लोकतंत्र में शासन का मूल्यांकन बयानों की चमक या पीआर के खर्च से नहीं, बल्कि पीड़ित को न्याय, किसान को वाजिब दाम, युवा को अवसर, आदिवासी को साफ़ पानी और बुनियादी हक, नागरिक को पारदर्शी सुविधा और हर स्तर पर ठोस जवाबदेही से होता है—और इन हर मोर्चों पर सरकार से सीधे, तथ्यपरक जवाब की मांग जारी रहनी चाहिए।

Leave a Reply