हिरासत आदेश में बड़ी चूक मिलने पर मध्यप्रदेश हाई कोर्ट ने रीवा कमिश्नर को जमकर फटकार लगाई
जबलपुर। किसी व्यक्ति को हिरासत में रखने का आदेश जारी करने में हुई गंभीर कानूनी चूकों पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने रीवा संभाग के कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह को कड़ी फटकार लगाई है। न्यायालय ने आदेश में सामने आई गलतियों पर नाराजगी जताते हुए यहां तक कह दिया कि कमिश्नर को इस तरह की जिम्मेदारी निभाने से पहले बुनियादी प्रशिक्षण दिए जाने की जरूरत है। मुख्य न्यायाधीश अल्पेश यशवंत कोगजे और न्यायमूर्ति विवेक जैन की युगलपीठ ने हिरासत से जुड़े कानूनी प्रावधानों की समझ पर भी सवाल उठाए।
मामला रीवा निवासी ओमप्रकाश गुप्ता की याचिका से जुड़ा है। कमिश्नर शीलेन्द्र सिंह ने पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत गुप्ता को 6 महीने के लिए भोपाल जेल में निरुद्ध रखने का आदेश दिया था। इस आदेश को चुनौती देते हुए अधिवक्ता आलोक तिवारी के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई।
न्यायालय ने प्रक्रिया की जानकारी पर उठाए सवाल
याचिका की सुनवाई के दौरान अदालत के सामने हिरासत आदेश में कई गंभीर खामियां सामने आईं। इन पर नाराजगी जाहिर करते हुए मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता छीनकर उसे हिरासत में रखने का आदेश देना सामान्य प्रशासनिक काम नहीं है। यह बेहद संवेदनशील और गंभीर जिम्मेदारी है। ऐसे आदेश जारी करने वाले अधिकारी को संबंधित कानून और उसमें तय प्रक्रिया की पूरी जानकारी होनी चाहिए।
अदालत ने कमिश्नर को आदेश में मिली त्रुटियों और न्यायालय की ओर से उठाए गए सवालों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने के लिए 2 दिन का समय दिया है। उन्हें इस अवधि में संक्षिप्त जवाब दाखिल करना होगा। अगली सुनवाई में कमिश्नर के जवाब का परीक्षण करने के बाद हाई कोर्ट आगे की कार्रवाई पर फैसला करेगा।

Leave a Reply