फिर विवाद में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष, अब खजराना गणेश के गर्भगृह का वीडियो वायरल, प्रशासन ने चुप्पी साधी!

फिर विवाद में भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष, अब खजराना गणेश के गर्भगृह का वीडियो वायरल, प्रशासन ने चुप्पी साधी!

इंदौर। भाजपा विधायक गोलू शुक्ला का बेटा रुद्राक्ष शुक्ला एक बार फिर मंदिर की मर्यादा और नियमों को लेकर विवादों में हैं। इस बार मामला इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर का है, जहां के गर्भगृह में प्रवेश करते हुए उनका वीडियो सामने आया। वीडियो में रुद्राक्ष भगवान गणेश को आचमन कराते नजर आ रहे हैं। उस समय गर्भगृह में पुजारी भी मौजूद थे। आम श्रद्धालुओं के लिए प्रतिबंधित इस स्थान पर रुद्राक्ष की मौजूदगी ने मंदिर प्रशासन की व्यवस्था और नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वीडियो बुधवार रात का है। हालांकि, मंदिर प्रबंधन ने अब तक इसकी पुष्टि नहीं की है और न ही यह बताया है कि रुद्राक्ष को गर्भगृह में प्रवेश की अनुमति किसने दी। खजराना गणेश मंदिर में कोरोना काल से ही आम श्रद्धालुओं का गर्भगृह में प्रवेश बंद है। विशेष अनुमति के लिए कलेक्टर का आदेश जरूरी होता है। इतना ही नहीं, अनुमति मिलने के बाद भी श्रद्धालुओं को भगवान की प्रतिमा छूने की इजाजत नहीं है। ऐसे में वीडियो में रुद्राक्ष की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों को लेकर मंदिर प्रबंधन को जवाब देना चाहिए।

देवास में आधी रात को पट खुलवाने का विवाद
रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिरों में नियमों को लेकर विवादों में आने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले देवास की माता टेकरी पर भी उनका नाम विवाद में आया था। अप्रैल 2025 में देर रात अपने साथियों के साथ माता मंदिर पहुंचने के बाद पट खुलवाने को लेकर उनकी पुजारी पक्ष से कहासुनी हुई थी। मंदिर बंद होने के बावजूद दर्शन की जिद करने और पुजारी के बेटे के साथ मारपीट व अभद्रता के आरोप लगे थे। मामला पुलिस तक पहुंचा और रुद्राक्ष सहित उनके साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया था। बाद में माफी मांगने के बाद विवाद शांत हुआ।

महाकाल मंदिर में प्रवेश और रील बनाने पर भी उठे थे सवाल
उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में भी रुद्राक्ष का नाम विवादों में आ चुका है। जुलाई 2025 में श्रावण महीने के दौरान विधायक गोलू शुक्ला कांवड़ यात्रा के साथ महाकाल मंदिर पहुंचे थे। इस दौरान गर्भगृह में प्रवेश को लेकर रुद्राक्ष और मंदिर कर्मचारियों के बीच कहासुनी की खबरें सामने आई थीं। प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश को लेकर मंदिर की व्यवस्था पर सवाल उठे थे।
इसके बाद नवंबर 2026 में महाकाल मंदिर के चांदी द्वार पर रुद्राक्ष का वीडियो सामने आया। इसमें वे मंदिर परिसर में रील बनाते दिखाई दिए। मंदिर में मोबाइल से वीडियो बनाने पर प्रतिबंध होने के बावजूद यह सब होता रहा। वीडियो वायरल होने के बाद मंदिर प्रशासन ने ड्यूटी पर तैनात 3 सुरक्षाकर्मियों को निलंबित किया और सुरक्षा एजेंसी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। मंदिर प्रबंधन समिति ने रुद्राक्ष के वीआईपी और प्रोटोकॉल दर्शन पर एक साल की रोक भी लगा दी।

हर बार कर्मचारी नपे, रसूखदारों पर कार्रवाई क्यों नहीं
इन घटनाओं में एक बात लगातार सामने आई है। मंदिरों में नियमों के उल्लंघन के मामले में सवाल उठते हैं, वीडियो सामने आते हैं और फिर कार्रवाई के नाम पर सुरक्षा कर्मचारियों या एजेंसियों पर गाज गिरती है। लेकिन जिन लोगों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में पहुंचने पर विवाद होता है, उनसे जवाब मांगने की प्रक्रिया उतनी स्पष्ट दिखाई नहीं देती। खजराना गणेश मंदिर का ताजा मामला भी इसी सवाल को फिर सामने लाया है। यदि गर्भगृह में प्रवेश के लिए कलेक्टर की अनुमति जरूरी है तो क्या रुद्राक्ष के पास अनुमति थी? यदि अनुमति थी तो क्या उसमें प्रतिमा को स्पर्श करने या पूजा की विशेष गतिविधि करने की छूट भी शामिल थी? और यदि अनुमति नहीं थी तो पुजारियों तथा मंदिर कर्मचारियों की मौजूदगी में प्रवेश कैसे हुआ?
मामले में मंदिर प्रबंधन की चुप्पी भी कम सवाल खड़े नहीं करती। जिला प्रशासन की ओर से भी अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। देवास और उज्जैन की घटनाओं के बाद भी ऐसी स्थिति दोबारा बनना बताता है कि मंदिरों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की व्यवस्था में कहीं न कहीं गंभीर कमी है। धार्मिक स्थलों पर आम श्रद्धालुओं के लिए बनाए गए नियम यदि प्रभावशाली लोगों पर लागू नहीं होते तो फिर उन नियमों की विश्वसनीयता ही क्या रह जाती है? अब देखना यह है कि प्रशासन इस बार भी चुप्पी साधे रहता है या वीडियो की जांच कर प्रवेश की अनुमति और जिम्मेदारी तय करने के लिए कोई ठोस कदम उठाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM