मुंबई में धमकी भरे ईमेल भेजने वाले अमेरिकी कंपनी के गिरफ्तार सॉफ्टवेयर इंजीनियर से मुंबई पुलिस पूछताछ करेगी!
मुंबई। मुंबई के प्रमुख सरकारी और सार्वजनिक संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले ईमेल के पीछे तमिलनाडु के एक 28 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर का हाथ होने का संदेह है। अमेरिका में काम करने वाले इस इंजीनियर को तमिलनाडु की आतंकवाद निरोधक शाखा (एटीएस) ने जुलाई में चेन्नई हवाई अड्डे से हिरासत में लिया था। मुंबई पुलिस की ओर से मिले सुराग के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
आरोपी पर पिछले 2 वर्षों में देश की अलग-अलग एजेंसियों को करीब 1500 फर्जी धमकी भरे ईमेल भेजने का संदेह है। इन ईमेल में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) कार्यालय, मेट्रो स्टेशन, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई), अदालतों, स्कूलों और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की धमकी दी गई थी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान तमिलनाडु के तिरुनेलवेली जिले के निवासी शरत सुब्रमण्यम शंकर के रूप में हुई है। फिलहाल वह तमिलनाडु पुलिस की हिरासत में है। मुंबई पुलिस अब उसे अपनी हिरासत में लेकर पूछताछ करना चाहती है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह लगातार इस तरह की धमकियां क्यों भेज रहा था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो काम नहीं कर रहा था।
एक छोटी सी चूक ने खोल दी आरोपी की पहचान
आरोपी तक पहुंचने के लिए मुंबई पुलिस ने तकनीकी जांच के साथ ही एक अलग तरीका अपनाया। धमकी भरे ईमेल की पड़ताल कर रहे एक अधिकारी ने शंकर के एक ईमेल से सुराग मिलने के बाद उससे संपर्क किया। बातचीत के दौरान अधिकारी ने उससे एक सवाल पूछा, जिसका जवाब देते समय शंकर ने गलती से अपनी निजी ईमेल आईडी का इस्तेमाल कर लिया। उसे अंदाजा नहीं था कि दूसरी तरफ पुलिस अधिकारी मौजूद है। इसी चूक से पुलिस को उसकी असली पहचान और अन्य जानकारियां मिल गईं। इसके बाद मुंबई पुलिस ने पूरा ब्योरा तमिलनाडु पुलिस को सौंपा। अमेरिका से भारत लौटते ही उसे चेन्नई हवाई अड्डे पर पकड़ लिया गया।
हर धमकी के बाद खाली करानी पड़ती थीं इमारतें
मुंबई में आने वाले धमकी भरे ईमेल ने पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की मुश्किलें बढ़ा रखी थीं। हर ईमेल मिलने पर संबंधित इमारतों को खाली कराना पड़ता था। बम निरोधक दस्ते, खोजी कुत्तों की टीम, स्थानीय पुलिस और अपराध शाखा के जवान मौके पर पहुंचते थे। सुरक्षा जांच पूरी होने तक कई जगहों पर आम लोगों की आवाजाही और सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित होती थीं। हालांकि, जांच के दौरान अब तक ये सभी धमकियां झूठी पाई गईं।
10 जून को भी बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज को एक ईमेल भेजा गया था, जिसमें इमारत के भीतर आरडीएक्स रखे होने का दावा किया गया था। पुलिस के मुताबिक, धमकी देने के लिए अलग-अलग ईमेल खातों का इस्तेमाल किया जाता था। आरोपी वीपीएन और पहचान छिपाने वाली दूसरी तकनीकों के जरिए अपनी डिजिटल पहचान छिपाता था। इसी वजह से उसका पता लगाना जांच एजेंसियों के लिए आसान नहीं था।
फर्जी ईमेल खाते बनाने वाले दूसरे आरोपी की भी पड़ताल
इस पूरे मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस की ओर से गिरफ्तार 24 वर्षीय अंकित शंखवार की भूमिका भी जांच के दायरे में है। उस पर फर्जी ईमेल खाते तैयार कर उन्हें दूसरों को उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है। उत्तर प्रदेश एटीएस की शुरुआती जांच में सामने आया कि उसके बनाए कुछ ईमेल खातों का इस्तेमाल 12 नवंबर को मुंबई के कई प्रमुख संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी देने के लिए किया गया था।
विदेश से मिले थे 50 हजार डॉलर
उत्तर प्रदेश एटीएस का दावा है कि अंकित शंखवार ने फर्जी ईमेल खाते एक बांग्लादेशी नागरिक को बेचे थे। बाद में इन्हीं खातों से मुंबई के विभिन्न ठिकानों को धमकी भरे संदेश भेजे गए। जांच एजेंसी के मुताबिक, ईमेल खातों की आपूर्ति के बदले उसे तुर्की और मिस्र जैसे देशों से जुड़े स्रोतों के जरिए करीब 50 हजार डॉलर (लगभग 42 लाख रुपये) मिले थे। मुंबई पुलिस अब इस मामले में उसकी भूमिका और शरत शंकर से संभावित संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।
फिलहाल मुंबई अपराध शाखा की आपराधिक खुफिया इकाई और संबंधित पुलिस थाने अपने स्तर पर जांच कर रहे हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद धमकी भरे ईमेल भेजने के पीछे की वजह, फर्जी खातों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के बारे में अहम जानकारी मिल सकती है।

Leave a Reply