इंदौर-दाहोद रेल खंड की टीही की 3 किमी लंबी सुरंग में ट्रैक का काम पूरा, अक्टूबर के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य, फिर धार तक ट्रेन!

इंदौर-दाहोद रेल खंड की टीही की 3 किमी लंबी सुरंग में ट्रैक का काम पूरा, अक्टूबर के अंत तक काम पूरा करने का लक्ष्य, फिर धार तक ट्रेन!

इंदौर। इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना में एक और महत्वपूर्ण काम पूरा हो गया है। टीही के आगे बनी 2957 मीटर लंबी सुरंग में रेलवे ने बैलास्टलेस ट्रैक बिछाने का काम पूरा कर लिया है। अब सुरंग के भीतर ट्रैक के कंक्रीट को जमने में 15 से 20 दिन लगेंगे। इसके बाद शेष निर्माण कार्यों को पूरा करने की तैयारी है।
रेलवे को उम्मीद है कि अक्टूबर के अंत तक टीही-धार रेलखंड का काम पूरा कर लिया जाएगा। इस रेलखंड पर 27 या 28 अक्टूबर को रेल सुरक्षा आयुक्त (सीआरएस) का निरीक्षण होने की संभावना है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरंग में गिट्टी रहित ट्रैक बिछाया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रैक के कांक्रीट को जमने के लिए पर्याप्त समय देने के साथ सुरंग के भीतर बचे काम भी पूरे किए जाएंगे। फिनिशिंग के लिए करीब 20 से 25 दिन का समय निर्धारित किया गया है। फिलहाल सुरंग में विद्युतीकरण, प्रकाश व्यवस्था और निकास पंखे लगाने सहित अन्य जरूरी काम चल रहे हैं।

रेलखंड का काम अंतिम चरण में
पश्चिम रेलवे की इस परियोजना के तहत टीही से धार के बीच करीब 47 किमी लंबी रेल लाइन का निर्माण किया जा रहा है। इस रेलखंड पर पटरियां बिछाने, विद्युतीकरण, पुलों, भूमिगत मार्गों, स्टेशनों, प्लेटफार्म और स्टेशन परिसर के विकास से जुड़े काम अंतिम चरण में हैं। रेलवे के अधिकारियों ने हाल ही में निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर कमियों को जल्द दूर करने के निर्देश दिए हैं। सभी काम निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप पूरे करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि समय पर सुरक्षा निरीक्षण कराया जा सके।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सुरंग के अंदर ट्रैक बिछाने का काम पूरा हो चुका है। बाकी काम भी जल्द पूरे कराए जाएंगे। इसके बाद रेल सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण कराया जाएगा। इंदौर-दाहोद रेल परियोजना पूरी होने से मध्य प्रदेश और गुजरात के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा और यात्रियों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

दोनों छोर पर ट्रैक जोड़ने का काम जारी
टीही और पीथमपुर की ओर सुरंग के दोनों छोर पर रेलवे लाइन को जोड़ने के लिए नींव से जुड़े काम किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने इन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सुरंग के दोनों छोर तक बिजली के तारों को सहारा देने वाले खंभे और कैंटिलीवर लगाने का काम पूरा हो चुका है। अब सुरंग के भीतर विद्युतीकरण और अन्य जरूरी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। रेलवे ने पूरे टीही-धार रेलखंड का निर्माण अक्टूबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। निर्माण कार्य पूरे होने के बाद रेल सुरक्षा आयुक्त का निरीक्षण कराया जाएगा। निरीक्षण में निर्धारित सुरक्षा मानकों पर खरा उतरने के बाद ही रेलखंड पर परिचालन शुरू करने की दिशा में आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM