अमेरिका में लापता भारतीय मूल की जस्मीन औजला गिल की हत्या पति गुरिंदर गिल ने की, गिरफ्तार किया
सैक्रामेंटो। अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारतीय मूल की जस्मीन औजला गिल की हत्या का मामला सामने आया है। सैक्रामेंटो काउंटी शेरिफ कार्यालय के अनुसार, जस्मीन के पति गुरिंदर गिल को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया। जस्मीन 30 सितंबर को सैक्रामेंटो स्थित अपने घर से लापता हो गई थीं। बाद में एल डोराडो काउंटी में मिले एक महिला के जले हुए शव की पहचान जस्मीन के रूप में हुई।
1 अक्टूबर को मिला था जला हुआ शव
जांच अधिकारियों के मुताबिक, 1 अक्टूबर को एल डोराडो काउंटी में एक महिला के जले हुए अवशेष मिले थे। इसके तीन दिन बाद, 4 अक्टूबर को जस्मीन के चचेरे भाई ने उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जांच के दौरान बरामद अवशेषों की पहचान जस्मीन गिल के रूप में की गई।
आईसीई पर लगाया था पत्नी को हिरासत में लेने का आरोप
शुरुआती जांच के दौरान गुरिंदर ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन एजेंसी (ICE) के अधिकारी उनकी पत्नी को उनके घर से उस समय हिरासत में लेकर गए थे, जब वह डाक लेने बाहर गई थीं। हालांकि, जांचकर्ताओं ने ICE से संपर्क किया तो एजेंसी ने पुष्टि की कि उस पते पर ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
तलाक और बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद
जांच आगे बढ़ने पर अधिकारियों को गुरिंदर के बयानों में कई विसंगतियां मिलीं। जांचकर्ताओं को यह भी पता चला कि दंपती के बीच तलाक और बच्चे की कस्टडी को लेकर विवाद चल रहा था। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर हत्या के मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने गुरिंदर के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट हासिल किया। उन्हें 14 अक्टूबर, 2026 को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया गया। जांचकर्ताओं ने गुरिंदर से जुड़े दो आवासों पर तलाशी वारंट भी जारी कर तलाशी ली। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply