तिहाड़ जेल में अलग-अलग हाई-सिक्योरिटी वार्डों में रखे गए सीजेपी नेता आशुतोष रांका और सौरव दास!
नई दिल्ली। बिना अनुमति के जंतर-मंतर पर प्रवेश करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेता आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली की तिहाड़ जेल के अलग-अलग हाई-सिक्योरिटी वार्डों में रखा गया है। उल्लेखनीय है कि जंतर-मंतर को इस सप्ताह निर्धारित प्रदर्शन स्थल से हटा दिया गया है।
‘द इंडियन एक्सप्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, जेल प्रशासन ने दोनों नेताओं की कोठरियों के बाहर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है तथा यह निर्देश दिया है कि दिन के समय उन्हें अन्य कैदियों के साथ बाहर न निकाला जाए। दिल्ली पुलिस ने बताया कि इन दोनों को 14 अक्टूबर को कथित तौर पर बार-बार सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून का उल्लंघन करने का प्रयास करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, कानून का बार-बार उल्लंघन होने तथा इस आशंका के चलते कि जमानत मिलने पर वे दोबारा कानून तोड़ सकते हैं और अन्य लोगों को भी उकसा सकते हैं, उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया है।
अखबार के मुताबिक, जेल रिकॉर्ड के अनुसार आशुतोष रांका का कैदी नंबर 1784 और सौरव दास का कैदी नंबर 3752 है। शुरुआत में दोनों को जेल नंबर 2 में रखा गया था, लेकिन बाद में रांका को जेल नंबर 4 में स्थानांतरित कर दिया गया। जेल परिसर के अन्य हिस्सों की तुलना में उन ब्लॉकों में कैदियों की संख्या काफी कम है जहां इन्हें रखा गया है।
अखबार द्वारा तिहाड़ जेल के एक सूत्र के हवाले से यह भी लिखा गया है कि दोनों नेताओं को अलग-अलग वार्डों में रखा गया है और अन्य वार्डों के किसी भी कैदी को वहां जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उनकी हर गतिविधि पर बारीक नजर रखने के लिए कोठरियों के भीतर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं तथा आत्महत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए चौबीसों घंटे उनकी विशेष निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply