नए मुख्य सचिव की बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 20 आईएएस अफसरों के तबादले, 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए

नए मुख्य सचिव की बड़ी प्रशासनिक सर्जरी, 20 आईएएस अफसरों के तबादले, 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए

भोपाल। शुक्रवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। अशोक बर्णवाल के मुख्य सचिव का पदभार ग्रहण करने के 24 घंटे के भीतर हुई इस पहली बड़ी सर्जरी में 6 जिलों के कलेक्टर बदले गए। जबकि, कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आदेश के तहत अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा को प्रशासन अकादमी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, इंदौर संभागायुक्त डॉ सुदाम पी खाड़े को मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव पद पर पदस्थ किया गया है, और उनकी जगह भास्कर लक्षकार इंदौर के नए संभागायुक्त बनाए गए हैं।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट और प्रमुख विभागों की कमान
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई को जनवरी 2027 में भोपाल में आयोजित होने वाली ‘ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027’ की पूरी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही उन्हें उद्योग और एमएसएमई विभाग का प्रभार भी दिया गया है, जो अब तक प्रमुख सचिव राघवेंद्र सिंह के पास था। राघवेंद्र सिंह को अब वन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है, साथ ही उन्हें आनंद विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। इसके अलावा, ऊर्जा विभाग का अतिरिक्त प्रभार तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के प्रमुख सचिव मनीष सिंह को दिया गया है। वहीं, सचिन सिन्हा को प्रशासन अकादमी से हटाकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (पीएचई) विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है।

6 जिलों में नए कलेक्टर और प्रशासनिक फेरबदल
शासन ने 6 जिलों में कलेक्टर्स के नए पदस्थापन किए हैं। रतलाम में अजय कटेसरिया, शहडोल में मिशा सिंह, अनूपपुर में रत्नाकर झा, खरगोन में गुरु प्रसाद, मंदसौर में दिव्यांक सिंह और आगर मालवा में डॉ. शेर सिंह मीना को कलेक्टर नियुक्त किया गया है। शहडोल के निवर्तमान कलेक्टर केदार सिंह को लोक निर्माण विभाग में अपर सचिव बनाया गया है। खरगोन की निवर्तमान कलेक्टर भव्या मित्तल के 2 वर्ष की स्टडी लीव पर जाने के कारण वहाँ नया पदस्थापन किया गया है। वहीं, मंदसौर की पूर्व कलेक्टर अदिति गर्ग को खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग में ओएसडी सह आयुक्त और आगर मालवा की पूर्व कलेक्टर प्रीति यादव को औद्योगिक विकास निगम, इंदौर में कार्यकारी संचालक बनाया गया है।

यूसीसी का ड्राफ्ट बनाने वाले अजय कटेसरिया को रतलाम की जिम्मेदारी
सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव रहे अजय कटेसरिया को रतलाम का कलेक्टर बनाया गया है। उन्हें यह जिम्मेदारी उनके उत्कृष्ट कार्यों के इनाम के तौर पर मिली है। उन्होंने राज्य में पिछले 10 वर्षों से रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया को शुरू कराने के लिए ‘पदोन्नति नियम-2025’ तैयार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। इसके अलावा, मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का ड्राफ्ट तैयार करने में भी उनकी मुख्य भूमिका रही है।

सिंचाई और नर्मदा घाटी विकास विभाग में बदलाव
जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास (एनवीडी) विभाग की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री के विश्वसनीय अधिकारी संदीप यादव को जल संसाधन विभाग का प्रमुख सचिव बनाया गया है, जिसके तहत वे केन-बेतवा और पार्वती-कालीसिंध जैसी बड़ी परियोजनाओं का काम देखेंगे। वहीं, एनवीडी का प्रभार प्रमुख सचिव ई. रमेश कुमार को सौंपा गया है, जो अपने वर्तमान राजस्व विभाग के साथ इस अतिरिक्त जिम्मेदारी को भी संभालेंगे। इसके अलावा, कुमार पुरुषोत्तम को मंडी बोर्ड के साथ-साथ मुख्यमंत्री कार्यालय में उप सचिव की जिम्मेदारी भी दी गई है।

प्रदेश में महिला कलेक्टर्स की संख्या घटी
इस फेरबदल के बाद प्रदेश में महिला कलेक्टर्स की संख्या में कमी आई है। प्रदेश के 55 जिलों में एक माह पहले तक 17 महिला कलेक्टर्स तैनात थीं, जो अब घटकर 15 रह गई हैं। भव्या मित्तल के अध्ययन अवकाश पर जाने तथा अदिति गर्ग और प्रीति यादव को कलेक्टरी से हटाकर भोपाल में पदस्थ किए जाने से यह संख्या घटी है, हालांकि मिशा सिंह को शहडोल का कलेक्टर बनाए जाने से महिला कलेक्टर्स की संख्या में एक पद की आंशिक भरपाई हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM