19 नवंबर को ताजमहल समेत आगरा के सभी स्मारकों में मुफ्त प्रवेश, पर्यटक बिना टिकट देख सकेंगे ऐतिहासिक इमारतें!

19 नवंबर को ताजमहल समेत आगरा के सभी स्मारकों में मुफ्त प्रवेश, पर्यटक बिना टिकट देख सकेंगे ऐतिहासिक इमारतें!

आगरा। ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी सहित आगरा के ऐतिहासिक स्मारकों को देखने की योजना बना रहे पर्यटकों के लिए 19 नवंबर का दिन खास रहेगा। विश्व धरोहर सप्ताह की शुरुआत पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने देशभर के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश निशुल्क रखने का फैसला किया है। इसके तहत आगरा के स्मारकों में भी भारतीय और विदेशी पर्यटक बिना प्रवेश टिकट के घूम सकेंगे। हालांकि, ताजमहल के मुख्य मकबरे तक पहुंचने के लिए 200 रुपए का टिकट लेना अनिवार्य होगा।
एएसआई मुख्यालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। इसके अनुसार 19 नवंबर को देशभर के केंद्रीय संरक्षित स्मारकों और पुरातात्विक स्थलों पर प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा। इस दिन स्मारकों की टिकट खिड़कियां भी बंद रहेंगी। आगरा में ताजमहल, आगरा किला, फतेहपुर सीकरी, एत्मादउद्दौला, सिकंदरा, मेहताब बाग और रामबाग सहित सभी स्मारकों में यह व्यवस्था लागू रहेगी।

मुख्य मकबरे के लिए अलग से टिकट लगेगा
निशुल्क प्रवेश की सुविधा के बावजूद ताजमहल के मुख्य मकबरे में जाने के लिए पर्यटकों को निर्धारित 200 रुपए का टिकट खरीदना होगा। यह शुल्क भारतीय और विदेशी दोनों पर्यटकों पर लागू रहेगा। बाकी परिसर में प्रवेश के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। एएसआई ने स्पष्ट किया है कि 19 नवंबर को अन्य सभी स्मारकों की टिकट खिड़कियां बंद रहेंगी।

25 नवंबर तक होंगे आयोजन
हर साल 19 से 25 नवंबर तक विश्व धरोहर सप्ताह मनाया जाता है। इसका उद्देश्य ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत के महत्व को समझाना तथा इनके संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना है। आगरा में मुगलकालीन स्थापत्य कला के प्रमुख नमूने ताजमहल, आगरा किला और फतेहपुर सीकरी के बुलंद दरवाजे को देखने के लिए हर साल देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। जिले में इनके अलावा भी कई ऐतिहासिक इमारतें और स्मारक हैं।

एक दिन केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश निशुल्क
एएसआई आगरा मंडल की अधीक्षण पुरातत्वविद डॉ स्मिता एस कुमार ने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के पहले दिन 19 नवंबर को आगरा सहित देशभर के सभी केंद्रीय संरक्षित स्मारकों में प्रवेश निशुल्क रहेगा। इस दौरान पर्यटक बिना प्रवेश टिकट के स्मारकों का भ्रमण कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि विश्व धरोहर सप्ताह के दौरान आगरा के विभिन्न स्मारकों में प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा स्कूली बच्चों के लिए अलग-अलग प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को ऐतिहासिक इमारतों के निर्माण, उनके सांस्कृतिक महत्व और संरक्षण की जरूरत के बारे में जानकारी दी जाएगी। एएसआई का प्रयास है कि नई पीढ़ी अपनी ऐतिहासिक विरासत को समझे और उसे सहेजने की जिम्मेदारी के प्रति जागरूक हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM