पाकिस्तानी क्रीम के नाम पर जब्ती, दुकानदार बोले ‘हरियाणा की कंपनी है, बस पैकेट पर उर्दू में लिखा है इंडिया!
इंदौर। कथित पाकिस्तानी गोरी क्रीम को लेकर हुई कार्रवाई के बाद अब इसके भारतीय या पाकिस्तानी होने का विवाद सामने आया है। ‘दैनिक भास्कर’ में मामला उजागर होने के बाद केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने इंदौर में छानबीन की थी। जिन दुकानों और वितरक के यहां से क्रीम मिली, उनके संचालकों का कहना है कि यह पाकिस्तान में बनी क्रीम नहीं, बल्कि हरियाणा की एक भारतीय कंपनी का उत्पाद है। उन्होंने अपने दावे के समर्थन में जीएसटी बिल, निर्माण लाइसेंस, ब्रांड पंजीयन और प्रयोगशाला जांच से जुड़े दस्तावेज होने की बात कही है।
हालांकि, क्रीम के नाम और पैकेट पर छपी जानकारी ने संदेह को पूरी तरह खत्म नहीं होने दिया है। पैकेट पर अंग्रेजी में ‘मेड इन इंडिया’ लिखने के बजाय उर्दू लिपि में इंडिया लिखा हुआ है। इसके अलावा पाकिस्तानी क्रीम से मिलते-जुलते नाम और पैकिंग को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। अब जांच का मुख्य बिंदु यही है कि जब्त क्रीम अधिकृत भारतीय उत्पाद है या इसकी पैकिंग और पहचान में किसी तरह की गड़बड़ी की गई है।
पैकेट पर कुरुक्षेत्र का पता
क्रीम के पैकेट पर निर्माता के रूप में पैंटा गोरी कॉस्मेटिक्स का नाम दर्ज है। इसके साथ 721, सेक्टर-1, हुडा, शाहाबाद मारकंडा, जिला कुरुक्षेत्र, हरियाणा का पता छपा है। व्यापारियों का कहना है कि उनके पास इसी कंपनी की पैंटा गोरी ब्यूटी क्रीम थी। उन्होंने कंपनी से खरीद के बिल, जीएसटी संबंधी रिकॉर्ड और निर्माण लाइसेंस उपलब्ध होने का दावा किया है। दूसरी ओर, पैकेजिंग पर उर्दू में इंडिया लिखे होने और नाम की समानता ने मामले को उलझा दिया है। केवल पैकेट पर छपे पते से उत्पाद की वास्तविक पहचान और निर्माण की पुष्टि नहीं हो सकती। इसके लिए कंपनी के लाइसेंस, दस्तावेजों और जब्त क्रीम के नमूनों का मिलान करना जरूरी होगा।
315 क्रीम जब्त, साढ़े 4 घंटे पड़ताल
औषधि विभाग की टीम गुरुवार शाम करीब 6 बजे उनकी एजेंसी पहुंची थी। अधिकारियों ने गोरी क्रीम के स्टॉक और खरीद से जुड़े कागजात मांगे। पाटनी ने कंपनी के बिल, जीएसटी दस्तावेज, ब्रांड पंजीयन सहित उपलब्ध प्रमाणपत्र टीम को दिखाए। उनके मुताबिक, रात करीब 10:30 बजे तक जांच चलती रही।इस दौरान विभाग ने 315 पीस क्रीम जब्त किए। अगले दिन पाटनी को न्यायालय बुलाया गया, जहां अधिकारियों ने संबंधित उत्पादों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। अब विभाग इनके नमूने लेकर जांच कराएगा। पाटनी का कहना है कि एजेंसी में हरियाणा में बनी पैंटा गोरी क्रीम का ही कारोबार किया जा रहा था। उन्होंने इसी साल जनवरी में इसका व्यवसाय शुरू किया था। उनके मुताबिक, हर महीने करीब 100 से 125 पीस की बिक्री होती है।
रानीपुरा की दुकान से नमूने
छोगालाल उस्ताद मार्ग स्थित एक कॉस्मेटिक दुकान के संचालक ने भी जब्त क्रीम को भारतीय कंपनी का उत्पाद बताया है। उनका कहना है कि दुकान पर पैंटा गोरी ब्यूटी क्रीम बेची जा रही थी। इसके पैकेट पर निर्माता का पता और निर्माण लाइसेंस नंबर भी दर्ज है। संचालक के मुताबिक, औषधि निरीक्षक के नेतृत्व में 3 अधिकारियों की टीम दुकान पहुंची थी। करीब 2 घंटे तक पड़ताल की गई। इस दौरान टीम ने 4 पीस नमूने के लिए मांगे, जिनमें से 3 अपने साथ ले गई। दुकानदार का दावा है कि अधिकारियों ने क्रीम पर अपनी सील भी लगाई थी। उन्होंने खरीद के बिल, जीएसटी रिकॉर्ड और जांच के दौरान की पूरी प्रक्रिया के सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध होने की बात कही।

Leave a Reply