विदेशी नंबरों से इंदौर के व्यापारी को धमकी, रोहित गोदारा गैंग के नाम पर मांगी रंगदारी, अगवा कर हत्या की चेतावनी!
इंदौर। शहर के एक व्यापारी को रोहित गोदारा गैंग के नाम पर फोन कर रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पिछले 3-4 दिनों से व्यापारी के पास अलग-अलग विदेशी नंबरों से फोन आ रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को गिरोह का सदस्य बताते हुए रुपए मांगे। रकम नहीं देने पर घर से अपहरण कर हत्या करने की धमकी भी दी।
व्यापारी की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने शनिवार को अज्ञात मोबाइल नंबरों के धारकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्राइम ब्रांच के अनुसार, सिंगापुर टाउनशिप में रहने वाले व्यापारी संजय पुत्र हेतराम भूरिया ने शिकायत की है कि पिछले 3-4 दिनों से उनके मोबाइल पर 2 अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से लगातार फोन आ रहे थे। इनमें एक नंबर पुर्तगाल का था।
फोन करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम सागर सिंह शेखावत बताया और हरियाणा के रोहित गोदारा गिरोह से जुड़ा होने का दावा किया। आरोपी ने व्यापारी से रंगदारी के रूप में रुपए मांगे। साथ ही कहा कि मांग पूरी नहीं करने पर उन्हें घर से उठवा लिया जाएगा और हत्या कर दी जाएगी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण व्यापारी ने पुलिस से संपर्क किया।
शुरु में मजाक समझा, बाद में दहशत
व्यापारी ने पुलिस को बताया कि पहली बार फोन आने पर उन्होंने इसे किसी की शरारत या मजाक समझकर अनदेखा कर दिया था। लेकिन जब लगातार 3-4 बार धमकी भरे कॉल आए तो उन्हें मामले की गंभीरता का अहसास हुआ। इसके बाद परिवार के लोग भी डर गए। संजय ने किसी पुराने विवाद या रंजिश से इनकार किया है।
रोहित गोदारा गिरोह पर अपहरण, रंगदारी और हत्या जैसी वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। यह गिरोह हरियाणा में सक्रिय बताया जाता है, लेकिन इसका संपर्क दिल्ली, पंजाब और राजस्थान तक होने की बात भी सामने आती रही है।
विदेशी नंबरों की पड़ताल
इंदौर क्राइम ब्रांच ने धमकी देने वाले मोबाइल नंबरों की जांच शुरू कर दी है। तकनीकी टीम कॉल डिटेल, नंबरों से जुड़ी जानकारियों और उनकी लोकेशन का पता लगा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि फोन करने वाले वास्तव में किसी संगठित गिरोह से जुड़े हैं या गिरोह का नाम लेकर व्यापारी को डराने की कोशिश की गई है। आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply