सोनिया गांधी ने कहा ‘परिवार को लेकर फैले झूठ ने ‘बिलॉन्गिंग’ लिखने की वजह दी; राजीव के जाने के बाद बिखर गई थी, बच्चों ने दिया सहारा’
नई दिल्ली। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब ‘बिलॉन्गिंग’ के पीछे का कारण साफ किया है। सोमवार को किताब के लोकार्पण कार्यक्रम में उन्होंने बताया कि सालों तक उनके परिवार सास इंदिरा गांधी, पति राजीव गांधी, बेटे राहुल और बेटी प्रियंका से जुड़ी ऐसी तमाम मनगढ़ंत बातें प्रचारित की गईं, जिनका सच्चाई से दूर-दूर तक कोई वास्ता नहीं था। इन्हीं झूठी धारणाओं को तोड़ने और अपने जीवन के असली अनुभवों को दुनिया के सामने रखने के लिए उन्होंने खुद कलम उठाने का फैसला किया।
पुस्तक के नाम ‘बिलॉन्गिंग’ (यानी अपनापन और किसी स्थान से जुड़ाव) का जिक्र करते हुए सोनिया बोलीं कि जब आप किसी जगह के लिए बाहरी होते हैं, तो हर पल यह महसूस होता है कि सबकी नजरें आप पर टिकी हैं। ऐसे माहौल में खुद को ढालना और समाज का हिस्सा बनना बेहद चुनौतीपूर्ण होता है। उनके मुताबिक, एक भारतीय बहू और लड़की के रूप में अपनाए जाने का सफर उनके लिए भी आसान नहीं था।
कैम्ब्रिज से शुरू हुआ था प्यार का सफर
राजीव गांधी के साथ बिताए शुरुआती पलों को याद करते हुए सोनिया ने उस दौर को किसी जादू जैसा बताया। एक दोस्त के जरिए कैम्ब्रिज में हुई उनकी पहली मुलाकात के वक्त दोनों की जिंदगी बेहद निश्चिंत थी। कुछ वक़्त बाद राजीव स्वदेश लौट आए और सोनिया अपने घर इटली चली गईं।
मीलों की इस दूरी को दोनों ने खतों के जरिए पाटा। सोनिया ने याद किया कि वे हर दिन एक-दूसरे को नीले रंग के एरोग्राम (हवाई पत्र) लिखते थे। इन चिट्ठियों पर बकायदा नंबर डाले जाते थे, जिनमें रोजमर्रा की छोटी-बड़ी बातें और दिल के जज्बात दर्ज होते थे। करीब एक साल बाद जब दोनों दोबारा मिले, तो राजीव का वजन काफी बढ़ चुका था। इस किस्से पर मुस्कुराते हुए सोनिया ने कहा कि उन्हें देखकर एक पल को लगा कि क्या यह वही शख्स है जिससे वे कैम्ब्रिज में मिली थीं, हालांकि बाद में राजीव फिर से फिट हो गए।
सख्त पिता के सामने प्यार का इजहार था मुश्किल
अपने रिश्ते के बारे में घरवालों को बताने की चुनौतियों पर बात करते हुए सोनिया ने कहा कि उनके पिता बेहद अनुशासित और सख्त मिजाज के थे। उस जमाने में घरों के भीतर प्रेम और निजी पसंद जैसे मुद्दों पर माता-पिता से खुलकर चर्चा करने का माहौल भी नहीं हुआ करता था। यही वजह थी कि राजीव के बारे में परिवार को बताना उनके लिए काफी कठिन साबित हुआ।
राजीव की हत्या के बाद बच्चों ने थाम लिया हाथ
राजीव गांधी की हत्या के बाद के दुखद समय को याद करते हुए सोनिया भावुक हो गईं और कहा कि उस हादसे ने उन्हें अंदर तक तोड़ दिया था। उस मुश्किल घड़ी में उनके दोनों बच्चों ने ही उन्हें संभाला और दोबारा खड़े होने की हिम्मत दी। उन्होंने स्वीकार किया कि दोस्तों के काफी समझाने के बावजूद शुरुआत में वे अपनी निजी जिंदगी को सबके सामने लाने में हिचकिचा रही थीं, लेकिन बीते कुछ सालों में परिवार पर हुई दुखद और भ्रामक टिप्पणियों ने उन्हें एहसास दिलाया कि सच सामने लाने के लिए यह संस्मरण लिखना बेहद जरूरी है।

Leave a Reply