‘एनटीए’ के 47 अधिकारी बर्खास्त, अभिजीत दीपके ने छोटी मछली की तस्वीर साझा कर तंज किया!

नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने बड़े प्रशासनिक कदम के तहत 47 अधिकारियों को सेवा से हटा दिया है। एजेंसी के कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के नेतृत्व में छात्र नीट प्रश्नपत्र लीक और परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
एनटीए की इस कार्रवाई पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने अलग अंदाज में प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने एक्स खाते पर एक छोटी मछली की तस्वीर साझा की। उनकी इस पोस्ट को कई लोग प्रतीकात्मक टिप्पणी के रूप में देख रहे हैं, जिसमें संकेत दिया गया कि कार्रवाई अभी केवल निचले स्तर तक सीमित है।
सूत्रों के अनुसार, एनटीए में व्यापक बदलाव की तैयारी चल रही है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एजेंसी की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए कई और कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि 47 अधिकारियों को बर्खास्त किया जा चुका है और इनमें से कुछ के खिलाफ कानूनी तथा आपराधिक कार्रवाई भी शुरू की जाएगी। प्रश्नपत्र लीक और सीबीएसई की डिजिटल मूल्यांकन व्यवस्था में सामने आई गड़बड़ियों के बाद छात्रों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए यह कार्रवाई की गई है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी का तबादला पंचायती राज मंत्रालय में किए जाने के एक दिन बाद एनटीए के भीतर यह बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया गया है। माना जा रहा है कि परीक्षा प्रणाली में जवाबदेही तय करने की दिशा में सरकार आगे भी कुछ महत्वपूर्ण कदम उठा सकती है।
जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में छात्रों का धरना जारी है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने स्पष्ट कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते या उन्हें मंत्रिमंडल से नहीं हटाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि छात्रों के हित में शिक्षा मंत्री का पद छोड़ना ही उचित होगा। ऐसे में एनटीए की कार्रवाई के बावजूद आंदोलन समाप्त होने के कोई संकेत फिलहाल दिखाई नहीं दे रहे हैं।

Leave a Comment