फिर बड़ा फेरबदल, छतरपुर, बालाघाट और शहडोल के कलेक्टर बदले गए, कई अफसरों को विभागों में नई जिम्मेदारी!

भोपाल। राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने मंगलवार 28 जुलाई को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों का बड़ा फेरबदल किया है। मुख्य सचिव द्वारा हस्ताक्षरित आदेश के अनुसार कुल 8 आईएएस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं। इस बदलाव के तहत छतरपुर, बालाघाट और शहडोल जिलों में नए कलेक्टर पदस्थ किए गए हैं, वहीं कई अफसरों को महत्वपूर्ण मंत्रालयों और विभागों में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

तीन प्रमुख जिलों में नए कलेक्टरों की तैनाती
प्रशासनिक फेरबदल के तहत 2015 बैच के आईएएस अधिकारी पार्थ जायसवाल, जो अब तक छतरपुर कलेक्टर के पद पर थे, उन्हें अब शहडोल का नया कलेक्टर बनाया गया है। बालाघाट के वर्तमान कलेक्टर मृणाल मीणा (2015 बैच) का स्थानांतरण कर उन्हें छतरपुर कलेक्टर का दायित्व सौंपा गया है। वहीं ग्वालियर में अपर कलेक्टर के रूप में कार्यरत कुमार सत्यम (2017 बैच) को पदोन्नत करते हुए बालाघाट जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

मंत्रालय और राज्य स्तरीय विभागों में बदलाव
जिला कलेक्टरों के अलावा कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल हुआ है। मंदसौर की वर्तमान कलेक्टर अदिति गर्ग (2015 बैच) को भोपाल में मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का नया प्रोजेक्ट डायरेक्टर बनाया गया है। इसके अतिरिक्त वे मध्य प्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (सीईओ), डायरेक्टर (रोजगार) और एसएसआर ग्लोबल स्किल पार्क की सीईओ का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अपर सचिव दिनेश जैन (2011 बैच) को अब ओएसडी सह कमिश्नर और खाद्य, नागरिक आपूर्ति व उपभोक्ता संरक्षण भोपाल का डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। उनके पास अपर सचिव, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा।
मध्य प्रदेश स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रहे गिरीश शर्मा (2011 बैच) को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग में अपर सचिव पद पर तैनात किया गया है। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग के उप सचिव अंकित अस्थाना (2014 बैच) को सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) में उप सचिव का पद दिया गया है। साथ ही वे मध्य प्रदेश एम्प्लॉई सिलेक्शन बोर्ड के डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे। वहीं रतलाम की वर्तमान कलेक्टर मिशा सिंह (2016 बैच) को भोपाल में अर्बन डेवलपमेंट एंड हाउसिंग विभाग का एडिशनल कमिश्नर बनाया गया है।

अतिरिक्त प्रभार और पूर्व आदेशों में संशोधन
आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के कमिश्नर स्वरोचिश सोमवंशी को उनकी वर्तमान भूमिका के साथ राज्य योजना आयोग भोपाल के मेंबर सेक्रेटरी और अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान भोपाल के डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर ऋषि गर्ग (2013 बैच) को राज्य योजना आयोग के मेंबर सेक्रेटरी और सुशासन संस्थान के डायरेक्टर के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग ने स्पष्ट किया है कि 24 जुलाई को जारी आदेश में अदिति गर्ग और मिशा सिंह की पदस्थापना से जुड़े निर्देशों में इस नई सूची के माध्यम से संशोधन किया गया है।

Leave a Comment