इंदौर का अद्वैत बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ी से लापता, ट्रेकिंग के लिए निकला था, मोबाइल बंद होने के बाद परिजन चिंतित!

इंदौर का अद्वैत बेंगलुरु की शिवगंगे पहाड़ी से लापता, ट्रेकिंग के लिए निकला था, मोबाइल बंद होने के बाद परिजन चिंतित!

बेंगलुरु। इंदौर का रहने वाला 31 वर्षीय अद्वैत उपाध्याय बेंगलुरु के पास स्थित शिवगंगे पहाड़ियों से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। अद्वैत बेंगलुरु के बेगुर इलाके में रहता है और एक वित्तीय कंपनी में नौकरी करता है। शुक्रवार सुबह वह ट्रेकिंग के लिए शिवगंगे पहाड़ी पहुंचा था। पहाड़ी के निचले हिस्से में बाइक खड़ी करने के बाद वह ऊपर की ओर जाता सीसीटीवी कैमरे में दिखाई दिया, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस और प्रशासन ने उसकी तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।

मंगेतर को फोन कर दी थी ट्रेकिंग की जानकारी
शुक्रवार सुबह घर से निकलने से पहले अद्वैत ने अपनी मंगेतर को फोन किया था। उसने उसे शिवगंगे पहाड़ी पर ट्रेकिंग के लिए जाने की जानकारी दी थी। इसके बाद वह एक बाइक किराए पर लेकर नेलामंगला क्षेत्र में स्थित शिवगंगे पहाड़ी के लिए रवाना हुआ। सुबह करीब 6:30 बजे वह पहाड़ी के निचले हिस्से में पहुंचा और वहां बाइक खड़ी कर पैदल ऊपर की तरफ जाने लगा।

सीसीटीवी में आखिरी बार पहाड़ी की ओर जाता दिखा
पहाड़ी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में अद्वैत सुबह करीब 6:30 बजे ऊपर की ओर जाता दिखाई दिया। इसके बाद वह वापस नीचे आते हुए कहीं नजर नहीं आया। काफी समय बीतने के बाद भी जब अद्वैत से संपर्क नहीं हो सका तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। उसका मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा है, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

परिजनों को लूट या अपहरण की आशंका
नअद्वैत के अचानक लापता होने के बाद परिवार ने किसी अनहोनी की आशंका जताई है। परिजनों का कहना है कि पहाड़ी का कुछ हिस्सा सुनसान है। ऐसे में उन्हें आशंका है कि रास्ते में उसके साथ लूटपाट हुई हो सकती है या किसी ने उसका अपहरण किया हो। हालांकि अभी तक पुलिस को ऐसी किसी घटना की पुष्टि करने वाला कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

गुमशुदगी दर्ज, जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में तलाश
अद्वैत के लापता होने की सूचना मिलने के बाद कडुगोडी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शिवगंगे पहाड़ी और आसपास के जंगल क्षेत्र में तलाश शुरू कर दी है। दुर्गम और घने इलाके को देखते हुए खोज अभियान में डॉग स्क्वायड की भी सहायता ली जा रही है।

हादसे से लेकर अपहरण तक सभी पहलुओं की जांच
पुलिस फिलहाल अद्वैत के लापता होने के पीछे किसी हादसे की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है। इसके साथ ही अपहरण, लूटपाट और राहजनी सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें पहाड़ी के रास्तों, आसपास के जंगल और उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं। परिवार को उम्मीद है कि जल्द ही अद्वैत का पता चल जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM