आदि कैलास यात्रा पर गए इंदौर के 27 वर्षीय सराफा कारोबारी की मौत, परिवार का इकलौता बेटा था तिलक शर्मा!
इंदौर। उत्तराखंड के आदि कैलास की धार्मिक यात्रा पर गए इंदौर के युवा सराफा कारोबारी तिलक शर्मा की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। 27 वर्षीय तिलक को यात्रा के दौरान अचानक सांस लेने में परेशानी होने लगी। दोस्त उन्हें उपचार के लिए गुंजी स्थित अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की खबर मिलते ही इंदौर में उनके परिवार और परिचितों में शोक छा गया।
जानकारी के मुताबिक, तिलक शर्मा अपने 7 दोस्तों के साथ कार से उत्तराखंड पहुंचे थे। सभी आदि कैलास सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन करने गए थे। बताया जा रहा है कि आदि कैलास के दर्शन के बाद लौटते समय ऊंचाई वाले इलाके में तिलक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में काफी परेशानी होने लगी। इसके बाद साथी उन्हें तत्काल गुंजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
धारचूला अस्पताल में रखा गया शव
मृतक की पहचान तिलक शर्मा पुत्र मनोज शर्मा, निवासी नियर नगर निगम रोड, 24 शटर गली, इंदौर के रूप में हुई है। पिथौरागढ़ प्रशासन के अनुसार, उपचार के दौरान मृत्यु के बाद उनका शव धारचूला लाया गया। फिलहाल शव राजकीय चिकित्सालय धारचूला में रखा गया है। पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की आवश्यक कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इसके बाद उनके दोस्त पार्थिव शरीर लेकर इंदौर रवाना होंगे।
सराफा बाजार में थी अलग पहचान
तिलक शर्मा इंदौर के सराफा बाजार में ज्वेलर्स का कारोबार करते थे। वे सोने-चांदी के आभूषण बनाने के काम से जुड़े थे। धार्मिक आस्था से जुड़े आभूषणों के निर्माण में भी उनकी खास पहचान थी। बताया जाता है कि उन्होंने बाबा महाकाल के लिए चांदी का मुकुट तैयार किया था। इसके अलावा विभिन्न देवी-देवताओं के श्रृंगार के लिए भी वे सोने और चांदी के आभूषण बनाते थे।
अगले साल होनी थी शादी
तिलक अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। परिजन अगले साल उनकी शादी की तैयारी कर रहे थे। घर में विवाह को लेकर खुशियों का माहौल था, लेकिन उत्तराखंड से आई मौत की खबर ने परिवार की खुशियां छीन लीं। जवान बेटे को खोने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना से सराफा बाजार के व्यापारियों और परिचितों में भी शोक की लहर है।

Leave a Reply