दलेर मेहंदी विवाद पर सीएम धामी का बयान ‘अब मामले को यहीं खत्म करना चाहिए’ मीका सिंह से फोन पर बात की!

दलेर मेहंदी विवाद पर सीएम धामी का बयान ‘अब मामले को यहीं खत्म करना चाहिए’ मीका सिंह से फोन पर बात की!

देहरादून। उत्तराखंड के नई टिहरी में एक कार्यक्रम के दौरान गायक दलेर मेहंदी और राज्य सरकार के मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुए विवाद पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि मंत्री अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट कर चुके हैं और अब इस मामले को खत्म किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह से भी फोन पर बातचीत की। वहीं, मीका ने मंत्री के व्यवहार पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी कलाकार से शिकायत भी सम्मानपूर्वक की जा सकती है।
विवाद रविवार को नई टिहरी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुआ था। दलेर मेहंदी प्रस्तुति दे रहे थे, तभी मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और ऊंची आवाज में उनसे पूछा कि क्या उन्होंने शराब पी रखी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। मीका सिंह सहित कई लोगों ने मंत्री से माफी मांगने की मांग की थी।

धामी बोले- गलतफहमी बातचीत से दूर हो
देहरादून में एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मंत्री सुबोध उनियाल ने उन्हें बताया था कि उस समय उन्हें दलेर मेहंदी की खराब तबीयत की जानकारी नहीं थी। मंत्री ने खुद सामने आकर अपना पक्ष भी रखा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड लेखकों, कलाकारों और विद्वानों का सम्मान करने वाली भूमि है। उस समय बनी परिस्थितियों को देखते हुए, मंत्री की ओर से स्पष्टीकरण दिए जाने के बाद अब सभी को विवाद खत्म करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने मीका सिंह से फोन पर बातचीत की। धामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि मीका सिंह से दलेर मेहंदी से जुड़े विषय पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि किसी भी गलतफहमी को आपसी बातचीत और सद्भाव से दूर किया जाना चाहिए। उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा का पालन करता है और यहां सभी कलाकारों का स्वागत तथा सम्मान है।

दलेर अपनी जिम्मेदारी निभाने आए थे
मुख्यमंत्री के बयान के बाद मीका सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि स्कूलों में बच्चों को डांटने-फटकारने तक को लेकर सावधानी बरती जाती है, ऐसे में किसी कलाकार से मंच पर इस तरह बात करना उचित नहीं है। मीका ने मुख्यमंत्री धामी को संबोधित करते हुए कहा कि वे उनका सम्मान करते हैं और उत्तराखंड से भी बहुत प्यार करते हैं, लेकिन किसी कलाकार के साथ ऐसा व्यवहार नहीं होना चाहिए।
मीका के मुताबिक, दलेर मेहंदी कार्यक्रम में अपनी प्रतिबद्धता पूरी करने पहुंचे थे और उन्होंने 1 घंटा 30 मिनट तक प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम के लिए गायिका सुनंदा शर्मा को भी बुलाया गया था, लेकिन किसी कारण से वह नहीं आ सकीं। मीका ने कहा कि दलेर ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए दर्शकों का मनोरंजन किया।
उन्होंने आगे कहा कि कलाकार भी आम लोगों की तरह इंसान हैं और उनके मान-सम्मान का ध्यान रखा जाना चाहिए। यदि किसी बात को लेकर शिकायत थी, तो उसे भी शालीनता से रखा जा सकता था। मीका ने मुख्यमंत्री से उम्मीद जताई कि वे मामले को समझेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि किसी कलाकार के सम्मान को ठेस न पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM