इंदौर में 2 से 4 नवंबर तक RSS की बैठक, भागवत और होसबोले होंगे शामिल
इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की वार्षिक बैठक इस बार 2 से 4 नवंबर तक इंदौर में होगी। इसमें संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत, सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में हुए कार्यक्रमों की समीक्षा के साथ मौजूदा सामाजिक और वैश्विक परिस्थितियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। यह आयोजन डेली कॉलेज में आयोजित किया जा रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस ने अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बैठक मालवा प्रांत के इंदौर शहर में आयोजित होगी। इसमें सभी 6 सह सरकार्यवाह, अखिल भारतीय कार्य विभागों के प्रमुख और कार्यकारी मंडल के सदस्य भी शामिल होंगे। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में आयोजित कार्यक्रमों और गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी। वरिष्ठ पदाधिकारी अब तक हुए कार्यों का आकलन करने के साथ आगे की गतिविधियों पर भी विचार करेंगे।
नशे, वैश्विक हालात पर चर्चा
बैठक के एजेंडे में सामाजिक चुनौतियों के साथ बदलते वैश्विक परिदृश्य से जुड़े मुद्दे भी शामिल हैं। नशीली दवाओं के बढ़ते इस्तेमाल की समस्या, नए डिजिटल माध्यमों पर उपलब्ध सामग्री और समाज पर उसके प्रभाव जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके अलावा बाहरी शक्तियों के हस्तक्षेप और अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं पर भी विचार किया जाएगा। इंदौर में होने वाली इस बैठक में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा के साथ इन मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।

Leave a Reply