बिहार के सीवान में पटाखा विस्फोट, 5 की मौत; मकान की छत उड़ी
सीवान। बिहार के सीवान जिले के जामो बाजार थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में शुक्रवार शाम पटाखा बनाने के दौरान बारूद में आग लगने से भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान की छत उड़ गई और घर का बड़ा हिस्सा ढह गया। जिला प्रशासन ने हादसे में 4 लोगों की मौत की पुष्टि की है। मृतकों में मकान मालिक अमीरुद्दीन अहमद (70), खुशबू (10) और असद (8) शामिल हैं। चौथे मृतक की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। मलबे में कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के समय घर में 7 से अधिक लोग मौजूद थे। इनमें परिवार के सदस्य और पटाखा बनाने के काम में लगे मजदूर शामिल थे। विस्फोट के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। ग्रामीणों का कहना है कि शुरुआती धमाके के बाद रुक-रुककर छोटे-बड़े विस्फोट होते रहे। करीब 3 घंटे तक धमाकों की आवाज सुनाई देने की बात सामने आई है।
लोग पास जाने से डरते रहे
घर के भीतर से चीख-पुकार सुनाई देने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन लगातार हो रहे विस्फोट और मकान की जर्जर हालत के कारण लोग पास जाने से डर रहे थे। हादसे के बाद पड़ोसी फिरोज अहमद के परिवार का एक बच्चा भी लापता बताया गया है। ऐसे में आशंका है कि मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है। हालांकि, प्रशासन ने फिलहाल 5 मौतों की पुष्टि की है।
20 साल से गांव में बन रहे थे पटाखे
ग्रामीणों के अनुसार, आलमपुर गांव के कई घरों में पिछले करीब 20 वर्षों से पटाखे बनाने का काम किया जा रहा है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे अमीरुद्दीन अहमद के घर में भी पटाखे बनाए जा रहे थे। इसी दौरान बारूद में आग लग गई और जोरदार विस्फोट हो गया। धमाके से मकान का बड़ा हिस्सा ढह गया। इसके बाद भी घर के भीतर से लगातार धमाकों की आवाज आती रही।
20 से अधिक दमकल वाहन मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही डीआईजी नीलेश कुमार, जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी सहित पुलिस व प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जिले के करीब आधा दर्जन थानों की पुलिस भी मौके पर बुलाई गई। आग बुझाने, आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित करने और राहत-बचाव कार्य के लिए 20 से अधिक दमकल वाहनों को लगाया गया।
पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर आसपास के कई घरों की तलाशी ली। फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस तथा प्रशासन की टीमें विस्फोट की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। पटाखा बनाने के लिए जरूरी लाइसेंस, सुरक्षा इंतजाम और अन्य नियमों के पालन की भी जांच की जा रही है। मलबे में दबे लोगों की तलाश और हादसे से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Reply