भोजशाला के मुख्य द्वार पर लगा ‘गैर हिन्दुओं का प्रवेश निषेध’ प्रशासन ने हटवाया!

भोजशाला के मुख्य द्वार पर लगा ‘गैर हिन्दुओं का प्रवेश निषेध’ प्रशासन ने हटवाया!

संध्या आरती के बाद बढ़ी हलचल, सूचना मिलते ही पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी

   धार। ऐतिहासिक भोजशाला एक बार फिर विवादों के केंद्र में आ गई है। संध्या आरती के बाद भोजशाला के मुख्य द्वार पर “गैर हिन्दुओं का प्रवेश निषेध” लिखा पोस्टर लगाए जाने से इलाके में हलचल फैल गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी तत्काल भोजशाला पहुंचे और पोस्टर हटवा दिया।
    जानकारी के अनुसार भोजशाला मुक्ति यज्ञ के संयोजक गोपाल शर्मा पोस्टर लेकर भोजशाला के मुख्य द्वार पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने ‘गैर हिन्दुओं का प्रवेश निषेध’ लिखा पोस्टर चस्पा कर दिया। पोस्टर लगाए जाने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भोजशाला में गैर हिंदुओं का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित होना चाहिए। गोपाल शर्मा ने यह भी कहा कि न्यायालय का निर्णय आ चुका है और यदि कोई गैर हिन्दू भोजशाला परिसर में प्रवेश करना चाहता है तो उसे हिन्दू रीति-रिवाजों का पालन करना होगा।

पोस्टर से प्रशासन में हड़कंप
   भोजशाला के मुख्य द्वार पर लगाए गए इस पोस्टर की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और हालात को देखते हुए विवादित पोस्टर को हटवा दिया। प्रशासन ने मामले को संवेदनशील मानते हुए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।

पहले भी विवादों में रही है भोजशाला
   धार की भोजशाला लंबे समय से धार्मिक और ऐतिहासिक विवादों को लेकर चर्चा में रही है। ऐसे में मुख्य द्वार पर लगाए गए इस पोस्टर के बाद एक बार फिर माहौल गर्मा गया। हालांकि प्रशासन ने समय रहते हस्तक्षेप कर पोस्टर हटवा दिया और लोगों से शांति तथा सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की तनावपूर्ण स्थिति को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। फिलहाल भोजशाला परिसर में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM