बोलीं कि मुझसे ज्यादा सफल व्यक्ति की बात जरूर सुनूंगी, बेवजह की टिप्पणियां नहीं
नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत एक बार फिर अपने बेबाक बयान को लेकर चर्चा में हैं। लगातार हो रही आलोचनाओं और विवादों के बीच कंगना ने अपने विरोधियों को जवाब देते हुए कहा है कि वह किसी की सलाह या ज्ञान तभी सुनेंगी, जब वह व्यक्ति उनकी सफलता के करीब भी पहुंचा हो। उनका कहना है कि बिना वजह उन पर टिप्पणी करने वालों को पहले खुद सफलता हासिल करनी चाहिए।
दिल्ली एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय कंगना ने मीडिया से बातचीत में अपने विवादों और आलोचनाओं पर खुलकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अब बहुत हो चुका है। कंगना ने उन लोगों का जिक्र किया, जो अलग-अलग मौकों पर उनके खिलाफ बयान दे चुके हैं। कंगना ने कहा कि आशुतोष राणा ने उनके बारे में ‘कुत्ते की तरह भौंकने’ जैसी टिप्पणी की, जबकि सोनू सूद ने उन्हें अपने व्यवहार का तरीका सीखने की सलाह दी। उन्होंने राखी सावंत पर भी उनके चरित्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया। वहीं, तापसी पन्नू पर कंगना ने अपने माता-पिता का अपमान करने का आरोप लगाया।
पहले मेरे जैसा बनकर दिखाएं फिर ज्ञान दें
कंगना ने अपने आलोचकों को सीधे शब्दों में कहा कि यदि किसी ने उनकी सफलता का 1% भी हासिल नहीं किया है तो वह उसका ज्ञान नहीं सुनेंगी। उन्होंने कहा कि जो लोग लगातार उन्हें गालियां देते हैं और उनके खिलाफ बोलते हैं, उन्हें पहले खुद कंगना रनौत बनकर दिखाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आप मेरे बराबर 1% भी सफलता हासिल नहीं किए हैं तो मैं आपका कोई ज्ञान नहीं सुनूंगी। पहले आप कंगना रनौत बनकर दिखाइए। मैं किसी की भद्दी टिप्पणी नहीं सुनूंगी।”
बाबा रामदेव की टिप्पणी से सनातन धर्म की छवि को ठेस
कंगना ने अपने बयान में बाबा रामदेव का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति उनसे ज्यादा सफल है, तो वह उसकी बात सुनने के लिए तैयार हैं। हालांकि, बाबा रामदेव को लेकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कंगना का आरोप है कि रामदेव ने एक महिला को लेकर टिप्पणी करते हुए मर्यादा की सीमा पार की है। कंगना ने कहा कि बाबा रामदेव जिस तरह के वस्त्र धारण करते हैं और खुद को सनातन धर्म से जोड़ते हैं, उनकी कथित टिप्पणी से समाज और सनातन धर्म की छवि को ठेस पहुंची है। उन्होंने इस मामले में बाबा रामदेव के बयान पर गंभीर आपत्ति जताई।
कंगना रनौत पिछले कुछ समय से अपने बयानों को लेकर लगातार सुर्खियों में रही हैं। अभिनेत्री के तौर पर फिल्मी दुनिया में सक्रिय रहने के साथ-साथ सांसद बनने के बाद भी उनका बेबाक अंदाज चर्चा का विषय बना हुआ है। अब उनके ताजा बयान के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर बहस तेज होने की संभावना है।