‘फ्लाईदुबई’ विमान में खूनी झड़प, आतंकी साजिश की जांच, को-पायलट पर भारतीय कप्तान को चाकू मारने और विमान का नियंत्रण लेने की कोशिश!
नई दिल्ली। दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान FZ1073 में पायलटों के बीच हुई खूनी झड़प अब संभावित आतंकी हमले की जांच तक पहुंच गई है। इजराइली अधिकारी इस बात की पड़ताल कर रहे हैं कि क्या को-पायलट ने विमान पर कब्जा करने और उसे जानबूझकर क्रैश करने की कोशिश की थी। शुरुआती जानकारी में घटना को दोनों पायलटों के बीच हिंसक विवाद बताया गया था।
विमान जब जॉर्डन के ऊपर से गुजर रहा था, तभी इमरजेंसी सिग्नल भेजा गया। इसके बाद हाईजैक का संकेत मिला। रॉयटर्स के मुताबिक, केबिन क्रू के कॉकपिट में पहुंचने से पहले को-पायलट ने कथित तौर पर कप्तान पर चाकू से हमला किया। इजराइली चैनल 12 के अनुसार, भारतीय मूल के एक अन्य पायलट ने ओमान के को-पायलट को रोकने में मदद की।
इसके बाद विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया, जहां आपात लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट संचालित करने वाली कंपनी के मुताबिक, पायलट और को-पायलट दोनों घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। विमान में सवार सभी 180 यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
कॉकपिट से आवाजें सुनीं, खून देखा
घटना के दौरान यात्रियों ने कॉकपिट से चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनीं और खून भी देखा। शुरुआत में संभावित हाईजैक मानकर इजराइल ने लड़ाकू विमान भेजे थे। बाद में इजराइली प्रधानमंत्री ने हाईजैक की बात से इनकार किया। अब अधिकारी घटना को संभावित आतंकी हमले के नजरिए से भी देख रहे हैं।
इजराइली मीडिया ने इसे संभावित आत्महत्या की कोशिश या विमान को जानबूझकर क्रैश करने के प्रयास से भी जोड़ा है। रॉयटर्स के अनुसार, अधिकारियों को फिलहाल घटना के पीछे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी कारण होने की आशंका नहीं है।
मोसाद की भूमिका पर विचार
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि ओमान के नागरिक को इजराइल जाने वाली उड़ान में को-पायलट के रूप में काम करने की मंजूरी कैसे मिली। सुरक्षा एजेंसियां उसकी सुरक्षा मंजूरी और पूरी प्रक्रिया की जांच कर रही हैं। रिपोर्टों में मोसाद की भूमिका की संभावना पर विचार किए जाने की बात भी सामने आई है। विमान के इजराइल लौटने पर यात्रियों से पूछताछ की जा सकती है।
फ्लाईदुबई ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि दुबई से तेल अवीव जा रही FZ1073 को घटना के बाद तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी सुरक्षित लैंडिंग हुई। एयरलाइन ने कहा कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ जांच में सहयोग कर रही है और पुख्ता जानकारी मिलने पर अपडेट देगी।
एयरलाइन ने पायलटों की पहचान या राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं की है और न ही कॉकपिट में हुई घटना का ब्योरा दिया है। फिलहाल जांच एजेंसियां पायलटों के बीच विवाद, विमान पर नियंत्रण की कथित कोशिश और सुरक्षा मंजूरी से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

Leave a Reply