पुणे। कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड की मुख्य आरोपी सिया गोयल एक बार फिर चर्चा में है। इस बार मामला जांच से नहीं, बल्कि मीडिया के सामने उसके आपत्तिजनक व्यवहार से जुड़ा है। पुलिस की निगरानी में जांच के लिए ले जाए जाने के दौरान सिया गोयल ने मीडियाकर्मियों की ओर अश्लील इशारा किया। यह पूरी घटना कैमरे में रिकॉर्ड हो गई और देखते ही देखते इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
गुरुवार, 2 जुलाई को पुलिस जांच के सिलसिले में सिया गोयल को पुणे के मार्केट यार्ड स्थित उसके घर लेकर गई थी। उस समय उसने काले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और चेहरे को प्रिंटेड स्कार्फ से ढक रखा था। घर से बाहर निकलते समय उसने वहां मौजूद मीडियाकर्मियों की ओर देखा और कैमरों के सामने आपत्तिजनक इशारा कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उसके व्यवहार की कड़ी आलोचना की। कई लोगों ने हत्या जैसे गंभीर मामले की आरोपी होने के बावजूद इस तरह के व्यवहार को असंवेदनशील और अनुचित बताया।
लोहगढ़ किले की पहाड़ी से धकेला
पुलिस के अनुसार, सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर 18 जून को पुणे के पास स्थित लोहगढ़ किले की पहाड़ी से कारोबारी केतन अग्रवाल को धक्का देकर हत्या करने का आरोप है। शुरुआती जांच में सिया ने पुलिस को बताया था कि केतन का पैर फिसलने से हादसा हुआ था। इसी आधार पर पहले आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान सिया के बयानों और उसके व्यवहार में विरोधाभास सामने आने के बाद पुलिस को संदेह हुआ। आगे की जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने सिया गोयल और चेतन चौधरी को हत्या और आपराधिक साजिश के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
सिया और प्रेमी ने साजिश रची
जांच में यह भी सामने आया कि सिया और केतन की शादी दोनों परिवारों की सहमति से तय हो चुकी थी और इसी वर्ष नवंबर में विवाह होना था। पुलिस का आरोप है कि चेतन चौधरी इस रिश्ते से खुश नहीं था और वह केतन को अपने और सिया के संबंधों में बाधा मानता था। इसी कारण दोनों ने कथित रूप से हत्या की साजिश रची। पुलिस का दावा है कि 14 जून को भी सिया ने कथित तौर पर केतन को किले से धक्का देकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन वह पहाड़ी के किनारे उगी झाड़ियों को पकड़कर बच गया। इसके बाद सिया ने सांप दिखाई देने का बहाना बनाकर उसका ध्यान भटकाया और उसे भरोसा दिलाया कि कोई खतरा नहीं है।
वडगांव कोर्ट में पेश किया जाएगा
जांच एजेंसियों के मुताबिक, बाद में सिया ने केतन को दोबारा उसी किले पर चलने के लिए तैयार किया, जहां पहले से चेतन चौधरी भी मौजूद था। पुलिस का आरोप है कि दोनों ने पीछे से धक्का देकर केतन को गहरी खाई में गिरा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। दोनों आरोपियों को अब वडगांव कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुणे ग्रामीण पुलिस उनकी पुलिस रिमांड बढ़ाने की मांग करेगी, जबकि बचाव पक्ष की ओर से न्यायिक हिरासत की मांग किए जाने की संभावना है।