हनीट्रैप की आरोपी रेशू चौधरी ने डिलीवरी बॉय से की ठगी, उसने एसपी से लगाई गुहार ‘मेरे पैसे दिलाइए!’ 

   इंदौर। चर्चित हनी ट्रैप पार्ट-2 मामले की मुख्य आरोपी और कथित मिस्ट्री गर्ल रेशू चौधरी एक बार फिर विवादों में घिर गई। इस बार उस पर ऑनलाइन मंगाए गए महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स के साथ कथित धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद सागर में उसकी पुरानी गतिविधियों को लेकर भी चचार्एं तेज हो गई हैं। 
 
  जानकारी के मुताबिक, विट्ठल नगर निवासी लक्ष्मीकांत राज, जो ब्लू डार्ट कंपनी में डिलीवरी बॉय है, ने 16 फरवरी 2026 को सागर एसपी कार्यालय में लिखित शिकायत की थी। शिकायत में बताया गया कि उसने नेहा नगर मकरोनिया स्थित ज्ञानगंगा कॉलोनी के मकान नंबर-43 पर रेशू चौधरी के नाम से आए महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स की डिलीवरी की थी।

    डिलीवरी के दौरान रेशू ने कहा कि वह दस मिनट में ऑनलाइन पेमेंट कर देगी। कुछ देर बाद वह वापस आई और पार्सल लेने से मना करते हुए बॉक्स लौटा दिया। डिलीवरी बॉय को पैकेट का वजन कम और पैकिंग संदिग्ध लगी। जब बॉक्स खोलकर देखा गया तो उसमें केवल एक शैंपू की बोतल रखी मिली। यह सामान नायका कंपनी के महंगे कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स थे, जिसकी कीमत 16 हजार 750 रुपए थी।
दबाव और धमकियां 

    पीड़ित युवक का आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद उसे कुछ प्रभावशाली लोगों की ओर से केस वापस लेने के लिए दबाव और धमकियां भी मिल रही हैं। वहीं कंपनी ने नुकसान की भरपाई करते हुए उक्त राशि उसके वेतन से काट ली है। रेशू चौधरी इससे पहले भी अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और धर्म परिवर्तन के दबाव जैसे गंभीर आरोप लगाकर मामला दर्ज करा चुकी है। अब नए आरोप सामने आने के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।

Leave a Comment