इंदौर के 4 बड़े चौराहों पर बदलेगा ट्रैफिक, लेफ्ट टर्न खुलेंगे और स्पीड ब्रेकर हटेंगे

इंदौर के 4 बड़े चौराहों पर बदलेगा ट्रैफिक, लेफ्ट टर्न खुलेंगे और स्पीड ब्रेकर हटेंगे

इंदौर। शहर को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने के लिए हाईकोर्ट की समिति ने 4 प्रमुख चौराहों पर नई यातायात व्यवस्था का प्रयोग शुरू किया है। रसोमा, एलआईजी, लेंटर्न और हुकुमचंद घंटाघर चौराहे पर अब लेफ्ट टर्न फ्री रखा जाएगा। इसके लिए रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों पर सख्ती से रोक लगेगी। यातायात में बाधा बन रहे स्पीड ब्रेकर भी हटाए जाएंगे।
शनिवार को अतिरिक्त महाधिवक्ता राहुल सेठी की अध्यक्षता में गठित 7 सदस्यीय समिति की पहली बैठक हुई। इसमें प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने शहर के प्रमुख चौराहों पर जाम की समस्या पर चर्चा की। इसके बाद इन 4 चौराहों को प्रयोग के लिए चुना गया और नई व्यवस्था लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

लेफ्ट टर्न खुला रहेगा
राहुल सेठी ने बताया कि इन चौराहों पर लेफ्ट टर्न पर सबसे ज्यादा जाम लगता है। इसे देखते हुए इस रास्ते को लगातार खुला रखने का फैसला लिया गया है। रॉन्ग साइड से आने वाले वाहनों को रोकने के साथ स्पीड ब्रेकर भी हटाए जा रहे हैं। समिति इस व्यवस्था के नतीजों की समीक्षा करेगी। प्रयोग सफल रहा तो इसे शहर के दूसरे चौराहों पर भी लागू किया जाएगा। समिति ने यातायात सुधार के लिए पहले गठित समिति की रिपोर्ट भी मंगवाई है, ताकि पुराने सुझावों और उन पर हुई कार्रवाई की जानकारी मिल सके।
शहर में हर महीने यातायात जागरूकता अभियान चलाने पर भी विचार किया जा रहा है। समिति की अगली बैठक 10 नवंबर को होगी। वहीं, यातायात व्यवस्था से जुड़ी याचिकाओं पर हाईकोर्ट में 30 नवंबर को सुनवाई प्रस्तावित है। माना जा रहा है कि समिति इस दौरान चारों चौराहों पर किए जा रहे प्रयोग और सुधार कार्यों की रिपोर्ट पेश कर सकती है।

आईआईटी विशेषज्ञ समिति में
7 सदस्यीय समिति में एएजी राहुल सेठी, शासकीय अधिवक्ता डॉ. अमित भाटिया, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल, इंदौर स्मार्ट सिटी के सीईओ, डीसीपी ट्रैफिक और आईआईटी दिल्ली के सिविल इंजीनियर अंशुल अग्रवाल शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ज़रूर पढ़ें (Latest News)

Live TV LIVE STREAM