दिवाली पर बॉस का शानदार तोहफा, 4 कर्मचारियों को बिना भुगतान के मिली Kia Sonet कार
पंचकूला। दिवाली पर कर्मचारियों को मिठाई, उपहार और बोनस देना आम बात है, लेकिन हरियाणा के पंचकूला स्थित मिट्स हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड ने अपने कर्मचारियों को कारें देकर खुशियों को दोगुना कर दिया। कंपनी ने इस दिवाली 4 कर्मचारियों को सोनेट कारें उपहार में दी हैं। कंपनी के फाउंडर एमके भाटिया और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) शिल्पा चंदेल ने कर्मचारियों को कारों की चाबियां सौंपकर उनकी मेहनत और समर्पण का सम्मान किया।
कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, नितिन, निर्मल, वीनस और गुरवीर को यह खास तोहफा दिया गया है। इन कर्मचारियों ने पूरे साल जिम्मेदारी और लगन के साथ काम किया। उनके योगदान और कार्य के प्रति प्रतिबद्धता को देखते हुए कंपनी ने उन्हें सम्मानित करने का निर्णय लिया।
प्रबंधन का कहना है कि किसी भी संस्थान की तरक्की में कर्मचारियों की भूमिका सबसे अहम होती है। कर्मचारियों की मेहनत और उपलब्धियों को पहचानना तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है। इसी सोच के साथ कंपनी ने कार देने की पहल की है। इस योजना में उन कर्मचारियों को शामिल किया गया है, जिन्होंने कंपनी में कम से कम 18 महीने काम पूरा किया है।
4 साल से चल रही थी कार देने की पहल
एमके भाटिया ने बताया कि कंपनी में पिछले 4 वर्षों से कर्मचारियों को कार देने की पहल जारी थी। हालांकि, पहले कार खरीदने और देने का तरीका अलग था। उस दौरान कर्मचारियों के लिए कारें मासिक किस्त (ईएमआई) पर खरीदी जाती थीं। कर्मचारी को कार की डाउन पेमेंट करनी होती थी और इसके बाद हर महीने की किस्त भी खुद चुकानी पड़ती थी। भाटिया के अनुसार, कर्मचारी पर किस्त का अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े, इसके लिए कार की मासिक किस्त के बराबर वेतन में बढ़ोतरी कर दी जाती थी। इसके बावजूद किस्त चुकाने की जिम्मेदारी कर्मचारी की ही रहती थी।
इस बार बिना भुगतान के कार देने का फैसला
इस दिवाली कंपनी ने अपनी पुरानी व्यवस्था में बदलाव किया है। अब एक कर्मचारी को 5 लाख रुपये तक की कार बिना किसी भुगतान के देने का निर्णय लिया गया है। कंपनी की इस पहल को कर्मचारियों की मेहनत का सम्मान करने और उनका मनोबल बढ़ाने की दिशा में एक खास कदम माना जा रहा है।
दिवाली के मौके पर कारों की चाबियां मिलने से कर्मचारियों के लिए यह त्योहार और भी यादगार बन गया। कंपनी प्रबंधन का मानना है कि कर्मचारियों के अच्छे काम को उचित सम्मान देने से उनमें संस्थान के प्रति लगाव बढ़ता है और वे भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित होते हैं।

Leave a Reply